गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

सड़क दुर्घटना : दो की मौत, तीस घायल

भिंड : मध्यप्रदेश के भिंड जिले के गोहद और मालनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत तिकोड़ा गांव के नजदीक राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्वालियर से भिंड आ रही बस ने एक ट्रैक्टर ट्रॉली में पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दो लोगों की मौत हो गयी और ट्रैक्टर और बस के अंदर बैठे 30 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इनमें 16 की हालत नाजुक होने पर ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भिंड जिले के गोहद के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) सौरभ कुमार ने आज यहां बताया कि जिले के मौ थाना क्षेत्र के झांकरी चौकी के अंतर्गत आने वाले पिपड़िया गांव से माता बसैया मुरैना में कुछ श्रद्धालु ट्रैक्टर ट्रॉली पर सवार होकर गए थे। कल देर रात्रि वापस लौटने के दौरान यह श्रद्धालु ट्रैक्टर ट्रॉली के साथ हाईवे पर किनारे खड़े थे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने ट्रॉली में टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार श्रद्धालु महिला सगुनाबाई (45) के अलावा एक 20 वर्षीय युवक की मौके पर मौत हो गयी।
हादसे में 22 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं बस की केबिन में सवार 8 से 10 यात्री भी घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए गोहद अस्पताल ले जाया गया। गंभीर रुप से 16 घायलों को गोहद से ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल के लिए रेफर किया गया। घटना के बाद बस चालक रात्रि को ही मौके से भाग गया। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *