उन्नाव : उत्तर प्रदेश में उन्नाव जिले के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत शनिवार को हरदोई की ओर से आ रही अनियंत्रित रोडवेज बस ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ऑटो के परखच्चे उड़ गये। इस घटना में ड्राइवर सहित चार लोगों की मौत हो गयी, वहीं 02 अन्य गंभीर रूप से घायल है।
सीओ बांगरमऊ अरविंद कुमार ने बताया बांगरमऊ कोतवाली इलाके में गंजमुरादाबाद के निकट हरदोई की ओर से आ रही रोडवेज बस ने उन्नाव हरदोई मार्ग पर ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचकर जांच करी गई। जांच के दौरान प्रकाश में आया घटना के समय ऑटो में ड्राइवर सहित 6 लोग सवार थे। इस घटना में दो लोगों की मौके पर और तीसरे की सीएचसी में मौत हो गई थी जबकि चौथे ड्राइवर की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई है। घायलों को बांगरमऊ सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया था। रोडवेज बस को कोतवाली भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार टक्कर लगने से आटोरिक्शा में पीछे बैठे श्रीकृष्ण (45) पुत्र गुलाब निवासी पंपापुर थाना बांगरमऊ कोतवाली और लक्ष्मण (35) पुत्र राम औतार निवासी ग्राम हज़रत पुर थाना मल्लावां हरदोई की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। जबकि चालक सहित कुल चार यात्री जो गंभीर रूप से घायल थे को सीएचसी बांगरमऊ इलाज हेतु भेजा गया था। जहां चिकित्सकों ने घायल सुनील उर्फ कल्लू (35) निवासी ग्राम खेतहरा गंज जलालाबाद थाना मल्लावां हरदोई को मृत घोषित कर दिया।
चिकित्सकों द्वारा हालत नाज़ुक देखकर अन्य घायल चालक रामचन्द्र (55 ) पुत्र मथुरा प्रसाद निवासी ग्राम बल्लापुर कोतवाली बांगरमऊ व रामसनेही (60) पुत्र रमई निवासी ग्राम जोगी कोट थाना बेहटा मुजावर और बब्लू (30) पुत्र निहाली निवासी मुन्नू मियां तलैया कस्बा बांगरमऊ को जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां चालक रामचन्द्र ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। फिलहाल पुलिस ने मृतकों की शिनाख्त कराने के बाद चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेजा है।
रोडवेज बस ने ऑटो में मारी टक्कर, 4 की मौत दो घायल
