बाड़मेर : राजस्थान में बाडमेर जिले के शिव थाना क्षेत्र में आरंग गांव स्थित सोलर प्लांट में हुई डकैती की घटना में पुलिस ने गिरोह के सरगना श्रवण सिंह राजपूत को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। जिला पुलिस अधीक्षक दिगंत आनंद ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी 28 वर्षीय श्रवणसिंह निवासी नाथडाऊ थाना चामू जिला जोधपुर बाड़मेर जिले से 5000 रुपये और जैसलमेर से 500 रुपये इनाम घोषित है।
उन्होंने बताया कि गत 14 जनवरी को आरंग गांव में स्थित सोलर प्लांट पर सिक्योरिटी सुपरवाइजर जालम सिंह द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि रात्रि को 15-20 हथियारबंद लोग जबरन प्लांट में घुस गए। बदमाशों ने उसके एवं उसके ड्राइवर सुजान दान के साथ मारपीट की और अपनी गाड़ी में डाल राजमथाई की ओर ले गए। जहां लोहे के सरियों और लात-घूंसों से मारपीट कर गले में पहनी सोने की चेन, नगद रुपए छीन लिए। गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में सोलर प्लांट के सिक्योरिटी के ठेके के आपसी विवाद पर एक ठेकेदार से सुपारी लेकर इस वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।
डकैती करने वाली गैंग का सरगना गिरफ्तार
