गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

कानपुर में रोबोट करेंगे सीवर सफाई

इंसान की जगह मशीन 1 घंटे में 6 मैनहोल साफ करेगी; 3 साल में 65 की मौत
कानपुर :
यूपी के सीवर की सफाई अब बैंडीकूट रोबोट के हवाले होगी। कानपुर नगर निगम ने रोबोटिक मशीन के जरिए नई शुरुआत की है। अब पहला सवाल जेहन में आता है इसकी जरूरत क्यों पड़ी? दरअसल, यूपी में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान होने वाली मौतों में कानपुर में टॉप पर है। यहां 65 लोग टैंक के अंदर सफाई करते हुए अपनी जान गवां चुके हैं। अब इन मौतों को रोकने के लिए नगर निगम ने रोबोट उतारा है।
1 घंटे में साफ कर देगा 6 मैनहोल
कानपुर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत मैनहोल की सफाई के लिए बंडीकूट रोबेटिक मशीन खरीदा गया है। इस रोबोट से 1 घंटे के भीतर करीब 6 मैनहोल साफ किए जा सकेंगे। एक मैनहोल को साफ करने में ये मशीन करीब 10 मिनट लेगी। केरल की जेनरोबोटिक्स इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के इंजीनियर एंटनी अब्राहम ने बताया कि इस रोबेटिक मशीन से एक बार में लगभग 16 से 20 लीटर तक गंदगी को बाहर निकाला सकता है। एक मशीन की कीमत करीब 30 लाख रुपए है। 16 नवंबर 2022 को इसका सफल ट्रायल भी हो चुका है।
4 कैमरे मैनहोल के अंदर देखेंगे
इस रोबोट में 4 कैमरे भी लगाए गए हैं, जो सीवर के चारों तरफ छिपी गंदगी को देख सकेंगे। इसमें एक बड़े कंट्रोल यूनिट के जरिए ऑपरेट किया जाएगा। इसमें मैनहोल की सफाई के लिए टाइमर भी सेट किया जा सकता है। इसे कहीं भी छोटे जेनरेटर की मदद से ऑपरेट किया जा सकता है।
खतरनाक गैस भी सेंस करेगा, उन्हें बाहर निकाल देगा
इंजीनियर एंटनी अब्राहम ने बताया कि मैनहोल के अंदर कई बार खतरनाक गैस होती हैं। सफाई कर्मी मैनहोल में नीचे उतरते हैं और इन गैसों के प्रभाव में आकर मर जाते हैं। इस रोबोट में ऐसे सेंसर लगाए गए हैं जो खतरनाक गैसों को भी सेंस कर लेते हैं और उन्हें बाहर भी निकाल देते हैं। मैनहोल का ढक्कन हटाने के लिए मानव बल लगेगा, बाकी ये रोबोट काम खुद पूरा करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *