चेन्नई : घरेलू दर्शकों की मौजूदगी में भारतीय टीम आईसीसी विश्व कप में आस्ट्रेलिया के खिलाफ अभियान का आगाज करने रविवार को बढ़े मनोबल के साथ उतरेगी। कंगारूओं के लिये अब तक मुफीद चेपाक स्टेडियम की पिच पर दोनो टीमो को दवाब और गर्मी को भी झेलना होगा।कप्तान रोहित शर्मा,विराट कोहली के अलावा शुभमन गिल,सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या पर विशेष रूप से मेहमानों की नजर होगी जो दुनिया के किसी भी आक्रमण की बखिया उधेड़ने में सक्षम है जबकि कुलदीप यादव और रविचंद्रन अश्विन टर्न लेती पिच पर आस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों की परीक्षा लेंगे।
चेपॉक की पिच पर बीच के ओवरों में भारतीय स्पिनरों का प्रदर्शन निर्णायक साबित हो सकता है । चेपॉक पर भारत ने 14 वनडे में से सात जीते हैं और छह हारे हैं जबकि एक मैच रद्द हो गया था। आस्ट्रेलिया ने यहां छह में से पांच वनडे जीते हैं ।
वैसे तो शुभमन गिल के अंतिम एकादश में शामिल होने को लेकर संस्पेंस बना हुआ है मगर कप्तान रोहित शर्मा का कहना है कि वह इस बारे में अंतिम फैसला मैच शुरु होने से पहले लेंगे क्योंकि उन्हे उम्मीद है कि गिल अपनी बीमारी से उबरने में सफल हो सकते हैं।
मैच पूर्व प्रेस कांफ्रेंस में रोहित ने कहा कि उनके पास तीन तेज गेंदबाज और तीन फिरकी गेंदबाजों को खिलाने का विकल्प खुला है। हार्दिक पांड्या की इस बारे में भूमिका अहम होगी। रोहित शर्मा के पास कप्तान के तौर पर विश्व कप ट्राफी उठाने का यह पहला और आखिरी मौका होगा जबकि भारतीयों के दिल में बसने वाले विराट कोहली पर भी उम्मीदों का भारी दवाब होगा। साथ ही वह क्रिकेट के महाकुंभ के दौरान एक दिवसीय मैच में शतकों के मामले में अपने आदर्श सचिन तेंदुलकर की बराबरी करना भी पसंद करेंगे।
कल का मैच दोनो टीमो के लिये टूर्नामेंट में मनाेबल बढाने में मदद करेगा। जो भी टीम यहां मैच जीतेगी,उसके लिये अगली चुनौती से निपटना मानसिक तौर पर कुछ बहुत आसान हो जायेगा। चेपॉक की पिच पर दोनों टीमों के बीच यादगार मैच खेले गए हैं जिसमें 1986 का टाई टेस्ट, 2001 की टेस्ट श्रृंखला का निर्णायक मैच और रिलायंस कप का करीबी मुकाबला शामिल है।
रोहित, कोहली और अश्विन के अलावा रविंद्र जडेजा और मोहम्मद शमी के लिये भी यह आखिरी विश्व कप हो सकता है। इसलिये वे इस टूर्नामेंट को जीत कर इतिहास में अपना नाम लिखाना चाहेंगे। रोहित को बतौर बल्लेबाज अपनी आक्रामकता बरकरार रखनी होगी । इसके अलावा यह तय करना होगा कि तीसरे विशेषज्ञ स्पिनर के रूप में अश्विन को कब उतारना है और किन मैदानों पर 360 डिग्री बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव उपयोगी होगे।
टीमें इस प्रकार हैं: भारत :- रोहित शर्मा ( कप्तान ), ईशान किशन, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, हार्दिक पंड्या, रविंद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शमी, सूर्यकुमार यादव, शुभमन गिल, शार्दुल ठाकुर ।
आस्ट्रेलिया :- पैट कमिंस ( कप्तान ), स्टीव स्मिथ, एलेक्स कारी, जोश इंगलिस, सीन एबोट, एश्टोन एगर, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, मिचेल मार्श, ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, डेविड वॉर्नर, एडम जाम्पा, मिचेल स्टार्क ।
