गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

आरपीएफ ने जब्त किया 3.18 करोड़ का तस्करी का माल

RPF INDIAN RAIL

नई दिल्ली: रेल सुरक्षा बल ने पिछले माह ‘ऑपरेशन सतर्क’ चला कर ट्रेनों में टैक्स की चोरी करके लाये जा रहे तंबाकू उत्पादों, शराब, सोने/चांदी के आभूषणों और हथियारों के अवैध परिवहन का पता लगा कर लगभग तीन करोड़ 18 लाख रुपए का माल जब्त किया है।

भारतीय रेलवे ने जानकारी दी कि ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत केंद्रित प्रयास 05 अप्रैल से 30 अप्रैल तक जारी रहे जिसमें अवैध तंबाकू उत्पाद परिवहन के 26 मामलों का पता चला। लगभग 44 लाख रुपये के तंबाकू उत्पादों को जब्त किया गया और 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया। अवैध शराब परिवहन के 177 मामलों में 97 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लगभग 18 लाख रुपये मूल्य की अवैध शराब की जब्ती की गई।

कर चोरी के उद्देश्य से बेहिसाब सोने/चांदी के आभूषण और बेहिसाब नकदी रेल के माध्यम से ले जायी जाती है। आरपीएफ ने कर चोरी के ऐसे 23 मामलों का पता लगाया और संबंधित कर अधिकारियों को लगभग 2.60 करोड़ रुपये की बेहिसाब नकदी/सोना/चांदी सौंप दी। आरपीएफ ने ऐसे मामलों में ठोस कार्रवाई की और उपरोक्त अवधि के दौरान लगभग 3.18 करोड़ रुपये की तस्करी का सामान जब्त किया।

देश के विभिन्न हिस्सों में अपराध करने या नापाक मंसूबों को अंजाम देने के लिए कभी-कभी राष्ट्र विरोधी ताकतों द्वारा हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक ले जाया जाता है। ऑपरेशन सतर्क के तहत आरपीएफ ने ऐसे तत्वों के मंसूबों को विफल करने के लिए स्टेशनों, ट्रेनों और रेलवे क्षेत्र में गहन जांच अभियान चलाया है। इस तरह के प्रयास के दौरान, आरपीएफ ने देश भर में 17 व्यक्तियों को पकड़ा है और एक एके 47 राइफल, एक पाइप गन, एक डबल बैरल गन, एक पिस्तौल, 06 देशी पिस्तौल, 3 खंजर, 12 बोर गोला बारूद के 10 कारतूस, .315” बुलेट के 140 कारतूस, 7.62 मिमी बुलेट के 404 कारतूस और विभिन्न गोला बारूद के 9 कारतूस बरामद किए हैं।

यह अभियान कर चोरी/तस्करी/अपराध /आतंक के कृत्यों को अंजाम देने के लिए अवैध शराब / एफआईसीएन / अवैध तंबाकू उत्पादों / बेहिसाब सोने / नकदी / कीमती वस्तुओं / अन्य वस्तुएं रेलवे नेटवर्क से परिवहन किये जाने पर कार्रवाई करने के उद्देश्य से शुरू किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *