जयपुर : अशोक गहलोत ने जयपुर में राजस्थान इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड लर्निंग (आरआईएएल) के लिए 421 करोड़ रुपए का वित्तीय प्रावधान के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इस राशि में 180 करोड़ रुपए से भवन निर्माण, 145 करोड़ रुपए से विभिन्न नवाचार एवं अनुसंधान केन्द्रों/स्कूलों की स्थापना, 7 करोड़ रुपए से आईटी इन्फ्रास्ट्रक्चर सहित विभिन्न कार्य किए जाएंगे। साथ ही, भवन रख-रखाव के लिए आगामी चार वर्षों में 20 करोड़ रुपए तथा आगामी पांच वर्षों में आरआईएएल के संचालन के लिए 69 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
गहलोत के इस निर्णय से प्रदेश में उन्नत तकनीक युक्त युवा शक्ति उपलब्ध होगी। युवाओं, उद्योगों, एमएसएमई एवं स्टार्ट-अप्स को इलेक्ट्रोनिक सिस्टम डिजाइन एंड मैन्यूफैक्चरिंग, मेडिकल टेक्नोलॉजी, क्लाइमेट टेक्नोलॉजी एवं एग्रीकल्चर टेक्नोलॉजी जैसे नवीनतम उन्नत प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में अनुसंधान करने का मौका मिलेगा। यह संस्थान उन्नत प्रौद्योगिकी से जुड़े कार्यों में परामर्शदात्री के रूप में कार्य करेगा।
