अजमेर : राजस्थान में अजमेर संभाग के नवगठित ब्यावर जिले में आज पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक कार्रवाई में नाकाबंदी के दौरान एक वाहन से 53 लाख रुपए जब्त कर 2 युवकों को पूछताछ के लिये हिरासत में लिया। आगामी विधानसभा आम चुनाव 2023 की घोषणा के पश्चात लागू आचार संहिता के तहत जिला प्रशासन, पुलिस विभाग सहित अन्य संबधित विभाग चुनाव से जुड़ी प्रत्येक गतिविधियों पर बारीकी से नजर रख रहे हैं। इसी के तहत शनिवार को पुलिस एवं आबकारी विभाग के संयुक्त दल ने बड़ी कार्रवाई की।
ब्यावर के उपखंड अधिकारी मृदुल सिंह के निर्देश पर उदयपुर रोड स्थित चुंगी नाका पर पुलिस व आबकारी के लगभग 15 स्टाफ द्वारा नाकाबंदी कर सभी वाहनों की सघन तलाशी ली जा रही थी। इसी दौरान एक काले रंग की कार की तलाशी के दौरान 53 लाख रुपए की नगदी बरामद हुई एवं दो लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस द्वारा पूछताछ की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीष चौधरी ने बरामद की गई नगदी के बारे में दोनों युवकों से पूछताछ करने पर संतोषजनक जवाब नहीं देने के कारण गिरफ्तार कर एवं नकदी जब्त कर आगे की कार्रवाई जारी है।
नाकबंदी के दौरान कार से 53 लाख जब्त, दो गिरफ्तार
