मुंबई : अमेरिका में मार्च में महंगाई बढ़ने से फेड रिजर्व के ब्याज दरों में बढ़ोतरी करने की उम्मीद में दुनिया की प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर में आई तेजी के दबाव में आज अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया तीन पैसे फिसलकर 81.82 रुपये प्रति डॉलर पर आ गया। इसके पिछले कारोबारी दिवस रुपया 81.79 रुपये प्रति डॉलर पर रहा था। शुरुआती कारोबार में रुपया चार पैसे की बढ़त लेकर 81.75 रुपये प्रति डॉलर पर खुला और सत्र के दौरान आयातकों एवं बैंकराें की बिकवाली से यह 81.72 रुपये प्रति डॉलर के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। हालांकि लिवाली के दबाव में यह 81.85 रुपये प्रति डॉलर के निचले स्तर पर भी रहा। अंत में पिछले दिवस के 81.79 रुपये प्रति डॉलर की तुलना में तीन पैसे फिसलकर 81.82 रुपये प्रति डॉलर रह गया।
