गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

रूस ने बखमुट शहर को तबाह कर दिया

बखमुट : यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि पूर्वी यूक्रेन के बखमुट शहर को रूस ने पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है, लेकिन इस बात से इनकार किया कि रूस ने इस शहर के लिए खूनी लड़ाई जीत ली है। बीबीसी ने रविवार को यह जानकारी दी। यह पूछे जाने पर कि क्या उनकी सेना का पूर्वी यूक्रेनी शहर पर अबतक नियंत्रण स्थापित है, जेलेंस्की ने कहा,“ यह बहुत अफसोस की बात है, एक त्रासदी है लेकिन वास्तविकता यह है कि आज बखमुट केवल हमारे दिलों में बसता है।”
वैगनर, रूसी अर्धसैनिक बल ने शनिवार को इस शहर पर कब्जा करने का दावा किया। एक वीडियो के माध्यम से इसके संस्थापक येवगेनी प्रिगोज़िन ने कुछ लड़ाकों के साथ पोज देते हुए कहा कि उनकी सेनाओं ने पूरे शहर पर अपना नियंत्रण स्थापित कर लिया है।

इस बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने आज कहा कि रूस ने बखमुट की लड़ाई जीत ली है और कहा कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी सैनिकों को पुरस्कृत किया जाएगा। लेकिन यूक्रेन के पूर्वी ऑपरेशनल कमांड के एक प्रवक्ता ने बीबीसी को कहा कि यूक्रेन ने अभी भी बख़मुट के दक्षिण-पश्चिम की कई इमारतों पर अपना नियंत्रित कायम रखा हुआ है और जवाबी हमले की तैयारी कर रहा है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन की स्थिति बहुत कठिन है क्योंकि रूस ने शहर की सभी अवसंरचनाओं को नष्ट कर दिया है, जिससे रक्षात्मक जगहों की संख्या सीमित हो गई है। साथ ही,उन्होंने यह भी कहा कि यूक्रेनी बल रूसी सैनिकों को घेर रहे हैं और जवाबी हमला करने और उन्हें पीछे धकेलने के लिए दक्षिणी एव उत्तरी किनारों पर सभी परिस्थितियां तैयार कर रहे हैं।
विश्लेषकों के अनुसार, बखमुट शहर रणनीतिक रूप से माॅस्को के लिए बहुत कम महत्वपूर्ण का है लेकिन यूक्रेन में अब तक की सबसे लंबी लड़ाई लड़ने के बाद इसका कब्जा करना रूस के लिए एक प्रतीकात्मक जीत साबित होगी। दोनों देश इस शहर के लिए पिछले अगस्त से लड़ाई कर रहे हैं। पश्चिमी देशों का अनुमान है कि बखमुट में 20 से 30 हजार रूसी सैनिक मारे जा चुके हैं या घायल हुए हैं, जबकि यूक्रेन की सेना ने भी इसके लिए भारी कीमत चुकाई है।
ज़ेलेंस्की से जापान के हिरोशिमा शहर में जी-7 देशों की बैठक में बखमुट के बारे में पूछा गया था, जिसमें वह प्रमुख वार्ताओं के लिए शामिल हुए थे। उन्होंने कहा,“ आपको समझना होगा कि वहां अब कुछ भी नहीं है। उन्होंने सब कुछ नष्ट कर दिया है और बहुत सारे मृत व्यक्ति रूसी हैं। हमारे रक्षकों ने सराहनीय काम किया है और हम निश्चित रूप से उनके महान कार्यों के लिए उनकी सराहना करते हैं।” ज़ेलेंस्की ने कहा कि शहर में शायद ही कोई इमारत खड़ी होगी और शहर की लगभग पूरी आबादी पलायन कर चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *