अहमदाबाद : चेन्नई सुपर किंग्स के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने युवा प्रतिभावान बल्लेबाज रूतुराज गायकवाड़ को बेहतरीन खिलाड़ी बताते हुए कहा है कि उनका भविष्य उज्जवल होने वाला है। फ्लेमिंग ने शुक्रवार देर रात यहां संवाददाता सम्मलेन में कहा, “वह (रुतुराज) एक उत्कृष्ट प्रतिभावान खिलाड़ी हैं। हम उन्हें बहुत उच्च स्तर का खिलाड़ी मानते हैं। उनके पास ताकत और नज़ाकत दोनों है, उनका भविष्य उज्ज्वल होने वाला है।”
रुतुराज ने आईपीएल के पहले मैच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 50 गेंद पर 92 रन की शानदार पारी खेली, जिसकी मदद से सुपर किंग्स 20 ओवर में 178 रन बना सका। रुतुराज का प्रयास हालांकि उनकी टीम को जीत नहीं दिला सका और टाइटंस ने पांच विकेट से विजय हासिल कर ली। फ्लेमिंग ने कहा, “रुतुराज ने बहुत अच्छा प्रदर्शन दिखाया। उन्होंने (टाइटंस ने) 12वें से 16वें ओवर तक अच्छी गेंदबाजी की और हम अपेक्षित स्कोर हासिल नहीं कर सके। फिर भी, 180 एक अच्छा स्कोर था। कुल मिलाकर, मुझे सकारात्मकता और आक्रामकता दोनों पसंद आये, ऐसे खेलते हुए हम किसी और दिन 200 तक पहुंच जाऐंगे।’
राजवर्धन हंगरगेकर पदार्पण पर प्रभावशाली दिखे और उन्होंने चार ओवर में 36 रन देकर तीन विकेट लिये। फ्लेमिंग ने हंगरगेकर के प्रदर्शन पर कहा, “हां, राजवर्धन में कुछ बड़ा सुधार हुआ है। एक लाख लोगों के सामने अपना पदार्पण करना एक बड़ी चुनौती है, और उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया।” उन्होंने कहा, “कुछ खामियां थीं जो एक युवा खिलाड़ी में होती हैं, लेकिन अपने आप को बेहतर बनाने के लिये कुछ विकेट और एक मैच को जितना उनके लिये बहुत जरूरी है।”
रुतुराज का भविष्य उज्जवल है
