सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में कुख्यात खनन माफिया और पूर्व विधान परिषद सदस्य हाजी इकबाल उर्फ बाल्ला के पांच वांछित करीबी सहयोगियों को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार थाना बेहट प्रभारी ब्रजेश कुमार पांडेय की पुलिस टीम ने बाल्ला के इन पांच सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पुलिस को सरगर्मी से तलाश थी।
जिले के पुलिस अधीक्षक (देहात) सूरज कुमार राय ने बताया कि थाना बेहट प्रभारी ब्रजेश कुमार पांडेय ने पुलिस टीम के साथ शाकुम्भरी रोड पर चैकिंग कर रहे थे, तभी थाना प्रभारी को सूचना मिली कि बाल्ला गैंग के पांच सदस्य गांव छोड़कर भागने की फिराक में जसमौर चौराहा पर खड़े हैं।
पुलिस टीम ने जसमौर चौराहे पर ग्राम शेरपुर पेलो निवासी सुरेन्द्र पुत्र रघुवीर, संजय पुत्र अमर सिंह, अब्दुल रहमान पुत्र रशीद और अखलाक पुत्र अब्दुल रहमान तथा पेपर मिल रोड स्थित काशीराम कालोनी निवासी बीरबल पुत्र गैंदा राम को चारों ओर से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पांचों के विरुद्ध गैंगेस्टर एक्ट के तहत थाना बेहट पुलिस, पहले ही कार्रवाई कर चुकी है।
