छत्रपति संभाजीनगर : महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले में मराठा आरक्षण आंदोलन तेज होता जा रहा है। कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा होने की आशंका को देखते हुए राज्य के गृह विभाग ने सोशल मीडिया पर अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए जिले के ग्रामीण हिस्सों में बुधवार सुबह छह बजे से तीन नवंबर तक 48 घंटों के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी है।
गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव सुजाता सौनिक ने आज सुबह इस संबंध में आदेश जारी किया।
जिले के नौ तालुकाओं में इंटरनेट सेवा उपलब्ध नहीं होगी, जिनमें छत्रपति संभाजीनगर तालुका, सिल्लोड, सोयगांव, गंगापुर, खुलताबाद, पैठन, वैजापुर, कन्नड़ और फुलंबरी तालुका शामिल हैं। इंटरनेट सेवाएं बंद होने से जिले में उद्योग धंधे भी प्रभावित होंगे। जिला प्रशासन ने हालांकि पहले ही नवंबर तक जिले में कर्फ्यू के आदेश लागू कर दिए हैं।
