मुरादाबाद.संभल : उत्तर प्रदेश के संभल में कोल्ड स्टोर हादसे में पुलिस ने शनिवार रात कोल्ड स्टोर स्वामी रोहित अग्रवाल और अंकुर अग्रवाल को गिरफ्तार किया है।
मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह ने शनिवार को बताया कि कोल्ड स्टोरेज के मालिक अंकुर अग्रवाल और रोहित अग्रवाल को शुक्रवार देर शाम उत्तराखंड के हल्द्वानी से गिरफ्तार किया गया है। दुर्घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य रोक दिया गया है। इसके बाद मलबे को हटाने का काम जारी है। इस हादसे में 14 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि दस लोगों को बचा लिया गया है जिनमें चार लोग उपचाराधीन हैं।
पुलिस उपमहानिरीक्षक शलभ माथुर ने बताया कि हादसे में ग़ैर इरादतन हत्या के दर्ज मामले में कोल्ड स्टोर स्वामी अंकुर अग्रवाल तथा रोहित अग्रवाल को हल्द्वानी उत्तराखंड से कल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मालिकों के खिलाफ चन्दौसी थाने में गैर इरादतन हत्या की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था, उन्हें गिरफ्तार करके अग्रिम कार्यवाही की जा रही है और पोस्टमार्टम के बाद 14 शवों का अंतिम संस्कार किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र ने बताया कि गुरुवार को थाना चंदौसी के अंतर्गत के ओरछी चौराहा से इस्लामनगर को जाने वाले रास्ते पर स्थित एआर कोल्ड स्टोर में आलू भंडारण के दौरान चेंबर की छत ढह गई थी। चेंबर के मलबे में दब जाने के कारण आलू भंडारण कर रहे चौदह लोगों रोहतास, राकेश, इश्तियाक, प्रेम, भूरे, सतीश, शिशुपाल, सूरज पाल, राजकुमार, प्रमोद, सूरज पाल, रामवीर, सोमपाल एवम् दिलशाद की मृत्यु हो गई थी तथा दस लोग राम मोहन, रूप सिंह, महेश, राजेन्द्र,प्रेम, अरुण, संदू, मनोज कुमार, प्रेम सिंह एवं नरोत्तम घायल हो गए थे।
दुर्घटना की रिपोर्ट थाना चंदौसी के अंतर्गत के ग्राम एतौल निवासी भूरे ने कोल्ड स्टोर मालिक कस्बा व थाना चंदौसी के मोहल्ला सुंदर निवासी अरुण कुमार के पुत्र अंकुर अग्रवाल तथा राजेश के पुत्र रोहित अग्रवाल के विरुद्ध दर्ज कराई थी। पुलिस ने शनिवार को अंकुर अग्रवाल व रोहित अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है।
संभल हादसा : कोल्ड स्टोर का मालिक गिरफ्तार
