नई दिल्ली : उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पाद बनाने वाली प्रमुख कंपनी सैमसंग इंडिया ने आज अपनी राष्ट्रीय शिक्षा और इनोवेशन प्रतियोगिता ‘सॉल्व फॉर टुमॉरो’ की शीर्ष 10 टीमों की घोषणा की। कंपनी ने यहां जारी बयान में यह घोषणा करते हुये कहा कि ये 10 टीमें समुद्र के पानी को पीने योग्य बनाने, फसलों में कीटों और रोगों की पहचान करने, बचे भोजन का उपयोग करने, समुद्र तटों की सफाई करने, कम श्रवण शक्ति वाले व्यक्तियों को अधिक एक्सेस देने के लिए ज्यादा टिकाऊ चमड़े की शोधन प्रक्रिया विकसित करने जैसी वास्तविक दुनिया की समस्याओं को हल करने के नए आइडिया लेकर आई हैं। उनके आइडिया का मकसद सांकेतिक भाषा के यूजरों के बीच ‘कम्युनिकेशन गैप’ को कम करने, गुमशुदा बच्चों की तलाश करने, लोगों को गर्मियों में ठंड का अहसास दिलाने और दृष्टिबाधित लोगों की पढ़ने में मदद करना है।
शीर्ष 10 टीमें उत्तर प्रदेश के महाराजगंज, असम के लखीमपुर और गोलाघाट, पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग, गुजरात के सूरत और अहमदाबाद, केरल के एर्नाकुलम, चेन्नई और दिल्ली जैसे शहरों से हैं। प्रतियोगिता के दूसरे वर्ष के लिए कंपनी ने इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के स्टार्टअप हब और फाउंडेशन फॉर इनोवेशन एंड टेक्नोलॉजी ट्रांसफर (एफआईटीटी), आईआईटी दिल्ली के साथ हाथ मिलाया है।
आईआईटी दिल्ली में एक बूटकैंप के बाद सॉल्व फॉर टुमॉरो 2023 की शीर्ष 10 टीमों को शॉर्टलिस्ट किया गया था। इन टीमों ने सैमसंग इंडिया के ऑफिसों, इसके अनुसंधान एवं विकास केंद्रों, डिजाइन केंद्र और बेंगलुरु में सैमसंग ओपेरा हाउस का दौरा किया, जहां उन्होंने सैमसंग के कर्मचारियों और शोधार्थियों से संवाद किया। इसके बाद सैमसंग और उसके पार्टनर एफआईटीटी और स्टार्टअप हब ने उनका मार्गदर्शन किया, जिससे उन्हें अपने आइडिया को बेहतर बनाने में मदद मिली। प्रत्येक टीम को शुरुआती प्रोटोटाइप बनाने के लिए 20,000 रुपये भी दिये गये और फिर उन्होंने अपने आइडिया को युवा सैमसंग कर्मचारियों की एक जूरी के समक्ष प्रस्तुत किया। अगले 12 हफ्तों में, शीर्ष 10 टीमें अंतिम मुकाबले के लिए अपने प्रोटोटाइप को बेहतर बनाने पर काम करेंगी, जो अक्टूबर 2023 में जूरी के सामने होगा। इसके लिए, प्रत्येक टीम को अतिरिक्त 100,000 रुपये और सैमसंग से परामर्श सहायता मिलेगी। आईआईटी दिल्ली के कर्मचारी और उद्योग विशेषज्ञ तकनीक, डिजाइन, मार्केटिंग और पॉलिसी सहित विभिन्न क्षेत्रों में उनकी मदद करेंगे। वार्षिक कार्यक्रम में तीन राष्ट्रीय विजेताओं की घोषणा की जायेगी जिनके पास पुरस्कार में 1.5 करोड़ रुपये जीतने का मौका है।
सैमसंग इंडिया ने की सॉल्व फॉर टुमॉरो की शीर्ष 10 टीमों की घोषणा
