गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म

हिसार : हरियाणा में करीब 11 दिनों तक चली सफाई कर्मचारियों की हड़ताल शनिवार शाम खत्म होने से लोगों को राहत मिली, लेकिन हिसार, फतेहाबाद, हांसी जैसे शहरों में कचरे का निपटान करना अब एक चुनौती बन गया है। इन शहरों में जगह-जगह हजारों टन कचरा जमा है, जिसे एक साथ निकाल पाना मुश्किल है। इस कचरे के निपटाने के लिए सफाई कर्मचारियों को काफी मसकद करनी पड़ेगी। सफाई कर्मचारियों ने हालांकि रविवार को छुट्टी के दिन भी शहरों में सफाई व्यवस्था को सुचारू करने के लिए काम शुरू कर दिया। इससे पहले रविवार को नगर पालिका कर्मचारी संघ के बैनर तले कर्मचारियों की हड़ताल समाप्ति के बाद यूनियन की हिसार ईकाई ने नगर निगम प्रांगण में बैठक बुलाई।

इस बैठक में सरकार और कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों के बीच हुई वार्ता के बारे में हरियाणा नगर पालिका कर्मचारी संघ के उपप्रधान राजेश बागड़ी ने जानकारी दी। साथ ही हड़ताल में कर्मचारियों के संघर्ष की सराहना करते हुए शहर की सफाई को लेकर चर्चा की। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर हुई हड़ताल में दमकल कर्मियों ने भी बढ़चढ़कर भाग लिया। रविवार को निगम प्रांगण में हुई बैठक में दमकल कर्मचारी भी शामिल हुए। बैठक में जिला प्रधान सुनील लाडवा, ईकाई प्रधान राजेश बागड़ी और महासचिव बिशन सिंह सहित दमकल यूनियन प्रधान कश्मीरी सिंह तथा उनके साथी मौजूद रहे। उपप्रधान राजेश बागड़ी ने हड़ताली कर्मचारियों का हड़ताल को सफल बनाने के लिए दिए सहयोग के लिए धन्यवाद किया।

नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के उपप्रधान राजेश बागड़ी ने कहा कि यूनियन तथा सरकार के बीच वार्ता के बाद हड़ताल समाप्त हो चुकी है। निगम में कर्मचारियों की बैठक के बाद शहर की सफाई के लिए कार्य शुरू करवा दिया है। फतेहाबाद नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों के हड़ताल वापस लेने के बाद नगर परिषद ने रविवार से ही शहर में कचरा उठाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। शहर के मुख्य प्वाइंटों पर रविवार को कचरा उठाया जाएगा। इसके लिए पांच ट्रैक्टर-ट्रॉलियां तथा दो जेसीबी मशीन तैयार की गई है। इसके बाद गलियों तथा नुक्कड़ों का नंबर आएगा। नगर परिषद ने दावा किया है कि तीन दिन में शहर से कचरा उठा लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *