गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

संजौली मस्जिद:अवैध निर्माण पर उग्र प्रदर्शन, लाठीचार्ज में कई घायल

शिमला : हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली स्थित मस्जिद में अवैध निर्माण के विरोध में बुधवार को हिंदूवादी संगठनों की ओर से उग्र प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारी ढली टनल पर बैरिकेड्स तोड़कर संजौली बाजार पहुंचे। इस पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इसमें चार पुलिस कर्मी के तथा आठ से अधिक प्रदर्शनकारी भी घायल हुए।
शिमला के संजौली स्थित मस्जिद में अवैध निर्माण के विरोध में हुए हिंदूवादी संगठनों के उग्र प्रदर्शन में दर्जनों लोगों को चोटें आई हैं। लाठीचार्ज और धक्कामुक्की में आठ घायल अस्पताल पहुंचे हैं। चार पुलिस कर्मियों को भी चोटे आई हैं।
इस बीच राज्य के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा,“यह मामला लंबे समय से लंबित है। जहां तक अवैध इमारतों के निर्माण का सवाल है, सरकार ने इसका संज्ञान लिया है। मैंने विधानसभा में भी मजबूती से कहा है कि जैसे ही इस पर फैसला आएगा, कानून के दायरे में कार्रवाई की जाएगी, अगर कोई इमारत अवैध पाई गई तो उसे गिरा दिया जाएगा। लेकिन हमें कानून की प्रक्रिया के साथ आगे बढ़ना होगा। हम चाहते हैं कि हिमाचल प्रदेश में शांति का माहौल बना रहे।”
संजौली प्रदर्शन पर श्री सिंह ने कहा कि सभी को अपनी बात रखने व प्रदर्शन करने का अधिकार है। इसे देखते हुए भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया था। कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल भी करना पड़ा है और हल्का लाठीचार्ज भी हुआ है। कितने लोग घायल हुए हैं, इसकी रिपोर्ट ली जाएगी। किसी को नुकसान पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था। कानून के दायरे में कार्रवाई करनी होगी, भावनाओं में बहकर किसी भी तरह के गलत कदम से बचना होगा।
संजौली स्थिति मस्जिद में अवैध निर्माण मामले पर श्री सिंह ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि तहबाजारी पॉलिसी मामले पर सरकार मंत्रिमंडलीय उप समिति गठित कर रही है। इसकी पहल हो चुकी है। प्रदेश की आंतरिक सुरक्षा व तहबाजारी नियमों को और कड़ा करने के लिए फैसला लिया जाएगा। कमेटी में मंत्री भी शामिल होंगे।
शाम तक संजौली चौक से प्रदर्शनकारियों को पुलिस की ओर से हटाया दिया गया है। भीड़ को तितर-बितर कर दिया गया है। जगह-जगह पुलिस बल तैनात है। आने-जाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
इसबीच सुक्खू सरकार ने संजौली में उग्र प्रदर्शन, लाठीचार्ज मामले के बाद हिमाचल के सभी पुलिस अधीक्षक को अलर्ट रहने के निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अतुल वर्मा को तलब किया है। साथ ही मौके पर खुद, आईजी व डीआईजी को रहने के लिए कहा गया है।
मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल संजौली चौक से प्रदर्शनकारियों को पुलिस की ओर से हटाया जा रहा है। भीड़ को तितर-बितर करने का प्रयास जारी है। प्रदर्शन के चलते तनाव की स्थिति के मद्देनजर एंबुलेंस भी फंसी हुई है।
वाटर कैनन से प्रदर्शनकारियों को हटाने का पुलिस का प्रयास जारी है। चौक पर भी बैरिकेडिंग की गई है। प्रदर्शनकारियों और पुलिस में फिर धक्कामुक्की शुरू हो गई है। बैरिकेड तोड़ने की कोशिश हुई। वहीं प्रदर्शन के चलते तनाव की स्थिति के मद्देनजर शिमला जिला प्रशासन ने शहर के सभी स्कूलों को सर्कुलर जारी किया है। स्कूलों से कहा गया है कि अभिभावकों के स्कूल पहुंचने के बाद ही बच्चों को छोड़ जाए।
प्रदर्शन के बीच संजौली क्षेत्र के कई स्कूलों से बच्चों को छुट्टी दे दी गई है। अभिभावकों को बच्चों को स्कूल से लाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी है। कई अभिभावक समय पर स्कूल तक नहीं पहुंच पाए हैं। उधर, संजौली चौक और बाजार में दोनों तरफ नारेबाजी जारी है।
मस्जिद में अवैध निर्माण के विरोध में संजौली में दो जगह प्रदर्शन हो रहा है। एक प्रदर्शन मस्जिद क्षेत्र के पास है, जहां ढली की ओर से आए प्रदर्शनकारियों को रोका गया है। दूसरा प्रदर्शन संजौली चौक पर हो रहा है, जहां छोटा शिमला, लक्कड़ बाजार की ओर से आए लोगों को रोका गया है। दोनों जगह माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। नारेबाजी चल रही है। प्रदर्शनकारियों की पुलिस के साथ हुई धक्कामुक्की में एक महिला पुलिसकर्मी घायल हो गईं। घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
संजौली में मस्जिद विवाद मामले में प्रदर्शनकारी बैरिकेड तोड़कर संजौली बाजार में प्रदर्शन कर रहे हैं। यहां से विवादित मस्जिद महज 100-150 मीटर के फासले पर है। ढली टनल में भारी तादाद में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस द्वारा की गई बैरिकेडिंग को तोड़ दिया।
इसके अलावा कुछ प्रदर्शनकारियों के भी चोटिल होने की सूचना है। हालात बिगड़ते देख राज्य के डीजीपी वर्मा भी मौके पर पहुंचे और पुलिस बल को जरूरी निर्देश दिए। शिमला के उपायुक्त अनुपम कश्यप और पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी भी मौके पर मौजूद हैं। प्रदेश की सभी छह बटालियन संजौली में मोर्चा संभाले हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *