हिसार : हरियाणा संयुक्त किसान मोर्चा हिसार का पक्का मोर्चा धरना वीरवार को 58वें दिन भी जारी रहा। धरने की कमान स्याहडवा गांव ने संभाली धरने की अध्यक्षता जयबीर सरपंच और जोगेंद्र नम्बरदार ने की और मंच संचालन सतीश झाझडिया एंव धमबीर स्याहड़वा ने सयुक्त रूप से किया। संयुक्त किसान मोर्चा, हिसार के किसान नेताओं ने बताया कि किसान-मजदूर महापंचायत 14 मार्च को रामलीला मैदान, नयी दिल्ली में होगी।
हिसार से हजारों की संख्या में किसान मजदूर दिल्ली जायेंगे। संयुक्त मोर्चा जैसा भी आह्वान करेगा ,चाहे ट्रैक्टर लेकर जाने को कहे या फिर पैदल जाने को कहे मोर्चे के आह्वान के मुताबिक हजारों की तादाद में हिसार से किसान मजदूर दिल्ली 14 मार्च को किसान मजदूर महापंचायत में दिल्ली कूच करेंगे। इसके मुख्य मुद्दे रहेंगे मोदी सरकार समझौते को लागू करो, युवा किसान शुभकरण सिंह की हत्या की न्यायिक जांच कराओ, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और गृह मंत्री अनिल विज इस्तीफा दो।
गारंटीशुदा खरीद के साथ एमएसपी सी2 प्लस 50 प्रतिशत दो सर्वसमावेशी ऋण माफी योजना लागू करो, बिजली का निजीकरण नहीं चलेगा, कोई स्मार्ट मीटर नहीं लगेगा, लखीमपुर खीरी किसान नरसंहार के मुख्य साजिशकर्ता और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी को बर्खास्त करो और मुकदमा चलाओ, 10 हजार रु मासिक पेंशन दो, चार श्रम संहिताओं को निरस्त करो, सार्वजनिक क्षेत्र की इकाइयों का निजीकरण नहीं चलेगा, न्यूनतम वेतन 26 हजार रु प्रति माह देना होगा, एलएआरआर अधिनियम 2013 को लागू करो।
