गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

पंजाब में गन्ने के एसएपी में 11 रु की वृद्धि

चंडीगढ़ : गन्ना काश्तकारों को देश भर में से सबसे अधिक स्टेट एग्रीड प्राइस (एस. ए. पी.) मुहैया कराना जारी रखते हुये पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शुक्रवार को गन्ने के एसएपी में 11 रुपए की वृद्धि का एलान किया, जिससे किसानों को अपनी उपज का मूल्य 391 रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा। मुख्यमंत्री ने यहां जारी एक बयान में कहा कि पंजाब में 11 रुपये को शुभ शगुन माना जाता है, इसलिये हमारी सरकार ने किसानों को यह तोहफ़ा देने का फ़ैसला किया है।

उन्होंने कहा कि पंजाब देश भर में से गन्ने का सबसे अधिक मूल्य दे रहा है, जिससे किसानों को काफी लाभ मिल रहा है। मान ने कहा कि उन्होंने किसानों के साथ हाल ही में हुई बैठक में वायदा किया था कि पंजाब गन्ने की कीमत में देश भर में से अग्रणी रहेगा और आज यह वायदा पूरा हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गन्ना काश्तकारों को मूल्य देने में हमेशा पहले नंबर पर रही है और अब भी यह रुझान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अब तक 380 रुपये प्रति क्विंटल एसएपी दे रही थी, जो हरियाणा की तरफ से हाल ही में 386 रुपये प्रति क्विंटल भाव देने के एलान तक सबसे अधिक थी।
मान ने कहा कि राज्य सरकार ने अब इस कीमत को बढ़ाने का फ़ैसला किया है, जिससे पंजाब के किसानों को बेहद लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार किसानों, व्यापारियों, पिछड़े वर्गों, मुलाजिमों समेत समाज के सभी वर्गों की भलायी के लिये समर्पित है।

उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में समाज के अन्य वर्गों के लिये भी अच्छी खबरें आयेंगी जिससे ‘रंगला पंजाब’ बनाने के सपने को साकार किया जा सके। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि दो दिसंबर से पंजाब की सभी सहकारी और निजी चीनी मिलें नयी दरों के मुताबिक चलेंगी जिससे किसानों को पहले दिन से लाभ पहुंचा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *