श्रीनगर : केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को कश्मीर संभाग में एक सरपंच को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एसीबी ने आज यहां जारी एक बयान में कहा कि श्रीनगर स्थिति एसीबी पुलिस थाने में एक व्यक्ति ने अपनी शिकायत में बताया कि सरपंच मुजफ्फर अहमद राथर उसके और उसकी बहन के बीच संपत्ति विवाद के निपटारे के लिए रिश्वत की मांग कर रहा है।
शिकायतकर्ता की बहन ने समझौते के लिए आरोपी सरपंच से संपर्क किया था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि मामले के निपटारे के लिए सरपंच उससे बार-बार रिश्वत की मांग कर रहा है। बयान में बताया गया है कि शुरुआत में सरपंच द्वारा 20 हजार रुपये की राशि की मांग की गई थी, हालांकि बातचीत के बाद वह शिकायतकर्ता से नौ हजार रुपये की राशि स्वीकार करने के लिए सहमत हो गया।
शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था और इसके लिए उसने एसीबी श्रीनगर से संपर्क किया। एसीबी ने मामला दर्ज कर जांच शुरु की। जांच के दौरान एसीबी ने सफल जाल बिछाकर आरोपी लोक सेवक को शिकायतकर्ता से नौ हजार रुपये की रिश्वत राशि मांगते और स्वीकार करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। मौके पर ही आरोपियों से रकम बरामद कर ली गई और सरपंच को गिरफ्तार कर लिया गया।
सरपंच रिश्वत लेते गिरफ्तार
