होशियारपुर : पंजाब के होशियारपुर में दड़ियाना गाँव के बहुजन समाज पार्टी समर्थित सरपंच संदीप कुमार छीना की हत्या के मुख्य आरोपी को पुलिस ने कल देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर फोर्स के उपाध्यक्ष छीना की चार जनवरी को मोटर साइकिल सवार तीन हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। होशियारपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र लांबा ने बुधवार को संवाददाताओं को बताया कि पुलिस ने खुफिया सूचना मिलने के बाद अनूप कुमार उर्फ विकी को डोबाहा-देहरा मार्ग पर घेरा। उसने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी गोलीबारी में अनूप को दो गोलियां लगीं। अनूप को पहले स्थानीय और फिर अमृतसर के अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने उसके पास से 32 बोर की एक रिवाल्वर और तीन कारतूस बरामद किये हैं। पुलिस के अनुसार अनूप कुमार की निशानदेही पर आज हत्याकांड के दो और आरोपियों मनप्रीत सिंह उर्फ मनीष और करण कुमार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस इस मामले में पहले ही रोहित कुमार उर्फ सूरज, गुरप्रीत उर्फ गोपी, मनदीप सिंह और सनमत सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के अनुसार अनूप कुमार के लड़ाई झगड़े का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसके लिये उसने छीना को जिम्मेवार मानते हुये उनकी हत्या की योजना बनायी थी।
सरपंच की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
