होशियारपुर : पंजाब में होशियारपुर जिला पुलिस ने दादियाना कलां गांव के बहुजन समाज पार्टी (बसपा) समर्थित सरपंच और बाबा साहिब अंबेडकर फोर्स के प्रदेश उपाध्यक्ष संदीप कुमार चीना (45) की हत्या में कथित तौर पर शामिल एक संदिग्ध को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। संदीप सिंह चीना की कथित तौर पर तीन मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी, जब वह और उनके दोस्त कल दोसरका अड्डा में अपनी सीमेंट ब्लॉक और इंटरलॉकिंग टाइल्स फैक्ट्री के बाहर खड़े थे।
होशियारपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र लांबा ने शुक्रवार को कहा कि जिला पुलिस ने संदीप कुमार चीना की हत्या में शामिल तीन संदिग्धों की न केवल पहचान की, बल्कि उनमें से एक को पकड़ भी लिया। गिरफ्तार व्यक्ति शेरपुर गुलिन्द गांव का रोहित कुमार उर्फ सूरज है। अन्य दो संदिग्ध, जिनकी पहचान असलपुर के अनूप कुमार उर्फ विक्की और कमालपुर मोथनवाला (कपूरथला) के मनप्रीत सिंह उर्फ मनीष के रूप में हुई है, अभी भी फरार हैं। पुलिस ने उनके संदिग्ध ठिकानों की पहचान कर ली है और उन्हें पकड़ने के लिये छापेमारी की जा रही है। सुरेंद्र लांबा ने कहा कि रोहित कुमार से पूछताछ जारी है और अभी तक संदीप कुमार चीना की हत्या के पीछे के मकसद का पता नहीं चल पाया है।
सरपंच की हत्या, एक गिरफ्तार
