गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग पर पहुंचे सात्विक-चिराग

कुआला लंपुर : हाल ही में इंडोनेशिया ओपन 2023 के रूप में अपने करियर का पहला सुपर 1000 इवेंट जीतने वाली सात्विकसाइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय पुरुष युगल जोड़ी मंगलवार को बीडब्ल्यूएफ रैंकिंग में तीसरे स्थान पर आ गयी। यह सात्विक-चिराग के करियर की सर्वश्रेष्ठ बीडब्ल्यूएफ रैंकिंग है। बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों की चैंपिय जोड़ी ने मलेशिया के मौजूदा विश्व चैंपियन आरोन चिया और सोह वूई यिक को सीधे गेमों में हराकर इंडोनेशिया ओपन जीता था।
सुपर 1000 खिताब जीतने वाली पहली भारतीय जोड़ी के लिये यह साल शानदार रहा है और वह अब तक स्विस ओपन 2023 एवं बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप के पुरुष युगल खिताब भी जीत चुकी है। इसी बीच, भारतीय पुरुष एकल खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत तीन स्थान चढ़कर विश्व रैंकिंग में नंबर 19 पर पहुंच गये हैं, जबकि दो पायदान की छलांग के साथ लक्ष्य सेन 18वें स्थान पर हैं।
इंडोनेशिया ओपन के सेमीफाइनल में डेनमार्क के विक्टर एक्सलसन से हारने वाले एचएस प्रणय (विश्व नंबर नौ) पुरुष एकल की रैंकिंग के शीर्ष 10 में एकमात्र भारतीय हैं। युवा प्रतिभा प्रियांशु राजावत अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 30वीं रैंक पर आ गये हैं। दो बार की ओलंपिक चैंपियन पी.वी. सिंधु ने महिला एकल में दो पायदान ऊपर चढ़कर 12वें स्थान पर पहुंच गयीं, जबकि अनुभवी शटलर साइना नेहवाल एक पायदान ऊपर चढ़कर विश्व में 31वें स्थान पर पहुंच गयी हैं।
महिला युगल में त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद 16वें स्थान पर बनी हुई हैं। दो पायदान नीचे खिसकने के बाद अश्विनी भट और शिखा गौतम की भारतीय महिला युगल जोड़ी 41वें स्थान पर है। भारतीय मिश्रित जोड़ी रोहन कपूर और सिक्की रेड्डी दो स्थान की छलांग लगाकर विश्व में 33वें स्थान पर पहुंच गये हैं। तनीषा क्रैस्टो और इशान भटनागर सूची में 38वें स्थान पर आ गये हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *