गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

पानी बचाना सरकार नहीं समाज का काम

झांसी : भूजल संरक्षण व सम्वर्धन का संदेश लेकर “ अटल जल शक्ति यात्रा ” पद्मश्री उमाशंकर पांडे के नेतृत्व में सोमवार को जनपद झांसी पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। यह यात्रा 24 मई को बांदा से शुरू होकर चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा और ललितपुर होते हुए आज यहां पहुंची। इसके बाद अटल जल शक्ति यात्रा कार्यक्रम के अन्तर्गत विकास भवन स्थित सभागार में जिला स्तरीय गोष्ठी का आयोजन किया गया।

मुख्य अतिथि पांडे ने पानी बचाओ-पेड़ बचाओं का नारा देते हुए कहा “ माननीय प्रधानमंत्री जी एवं माननीय मुख्यमंत्री जी के जल आंदोलन को जन आंदोलन बनाने के लिए आपसे संवाद करने आया हूं। उन्होंने बांदा के जखनी गांव के मॉडल को प्रत्येक ग्राम पंचायत में लागू करने की अपील करते हुए कहा जो पानी बचाएगा वह धनवान होगा, जो पानी बर्बाद करेगा वह धनहीन होगा। ” उन्होंने कहा कि जलस्रोतों को बचाना और पानी का संरक्षण करना सरकार नहीं बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी पानी को लेकर गम्भीर हो जायें और पानी के संरक्षण की दिशा में कार्य करें। छोटे-छोटे प्रयासों से निश्चित ही सार्थक परिणाम सामने आएंगे।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि राज्य नोडल अधिकारी अटल भूजल योजना उत्तर प्रदेश अनुपम श्रीवास्तव ने कहा कि, अटल भूजल योजना अन्तर्गत जनपद के 02 विकास खण्ड बबीना एवं मऊरानीपुर की चयनित 31 ग्राम पंचायतों में चेकडेम, अमृत सरोवर, रेनवाटर हार्वेस्टिंग, मेड़बंदी आदि का निर्माण कराया जा रहा है जबकि, भूजल की मांग को कम करने के लिए किसानों को ड्रिप/स्प्रिंकलर लगवाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि पानी के अत्याधिक दोहन को रोका जा सके। पानी को बचाने के लिए हम सभी को छोटे-छोटे प्रयास करने होंगे, तब कहीं जाकर जल को संरक्षित किया जा सकेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला विकास अधिकारी जुनैद अहमद ने कहा कि, पानी बचाने की दिशा में सम्वेदनशील रहें, पानी का संरक्षण बेहद जरूरी है। ताकि, आने वाली पीढ़ियों को पानी के लिए परेशान न होना पड़े। उपायुक्त मनरेगा रामअवतार सिंह ने कहा कि, अटल भूजल योजना अन्तर्गत जनपद की सभी चयनित ग्राम पंचायतों में 14 नए अमृत सरोवर का निर्माण कार्य कराया जा रहा है तथा सभी 31 ग्राम पंचायतों में 71 रेनवाटर हार्वेस्टिंग का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है। इस मौके पर सेवानिवृत्त आईएएस डॉ. प्रमोद कुमार अग्रवाल , अपर निदेषक, अर्थ एवं सांख्यिकी एसएन त्रिपाठी आदि वक्ताओं ने भी जल संरक्षण व सम्वर्धन के उपायों को साझा कर उन्हें अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम में भूगर्भ विभाग के सीनियर जियोफिजिसिस्ट शशांक शेखर सिंह, नोडल अधिकारी मनीष कुमार कनौजिया, सहायक भू-भौतिकविद् आकाश दीप, आईईसी एक्सपर्ट मोहम्मद हैदर, सहायक अभियंता भरत दीप, लद्यु सिचाई के सहायक अभियंता मानवेंद्र सिंह, भूगर्भ जल विभाग लखनऊ के हाईड्रोलोजिस्ट जयनेंद्र कुमार, परमार्थ समाज सेवी संस्था से मान सिंह, पंकज गौतम, राजस्थान वेलफेयर सोसाइटी से राजकुमार व एसआईआर से मुलायम सिंह आदि लोग उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि ने भूजल संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों एवं जलवीरों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इसमें राजकुमार दुबे, कौशल किशोर, वीर सिंह, मंजुला, प्रीति यादव, संगीता, मीरा ठाकुर, सुलेखा, सजनी राजपूत, नीलम, स्नेहा व सरोज सहित करीब 20 लोगों को सम्मानित किया गया।
जनपद में आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम का शुभारम्भ सुबह प्रभात फेरी निकालकर किया गया। मुख्य अतिथि अर्थ एवं सांख्यिकी श्री एसएन त्रिपाठी ने विकास भवन गेट से हरी झण्डी दिखाकर प्रभात फेरी को रवाना किया। जलयोद्धा श्री पांडे के नेतृत्व निकली प्रभात फेरी विकास भवन गेट से बीकेडी चौराहा होते हुए जीवनशाह चौराहे से वापस विकास भवन गेट पहुंचकर समपन्न हुई। इस बीच प्रभात फेरी में उपस्थित बच्चों एवं महिलाओं ने राह चलते लोगों को पोस्टर व ब्रोशर देकर जल संरक्षण का संदेश दिया।
गोष्ठी के बाद जनपद के विकास खण्ड बबीना की ग्राम पंचायत पुनावली कला में अटल भूजल योजना अन्तर्गत बनाये गए अमृत सरोवर पर श्रमदान कर भूजल संरक्षण की शपथ दिलाई। जल योद्धा पद्मश्री श्री पांडे बांदा के जखनी मॉडल को ग्राम पंचायत में लागू कराने की अपील की। इसके बाद बैक स्टेज सोशल एवं कल्चरर फाउण्डेशन लखनऊ से आए कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक कर लोगों को भूजल संचयन के प्रति जागरूक किया। वहीं, ग्राम वासियों ने अमृत सरोवर पर श्रमदान कर लोगों को भूजल के प्रति सचेत किया।
अंत में जल योद्धा श्री पांडे, श्री अनुपम श्रीवास्तव व पुनावली के ग्राम प्रधान जयसिंह गुर्जर सहित अन्य अतिथियों ने पीपल, बरगद सहित अन्य वृक्षरोपण कर पौधों के संरक्षण की शपथ दिलाई। बांदा जनपद से निकली सात दिवसीय अटल जल शक्ति यात्रा का समापन मंगलवार को गंगा दशहरा के अवसर पर बरूआ सागर में होगा। सुबह 11ः30 बजे नगर पालिका सभाकक्ष में गोष्ठी आयोजित होगी। इसके बाद किला परिसर में वृक्षारोपण के साथ यात्रा का समापन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *