खरगोन : मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के मंडलेश्वर थाना क्षेत्र स्थित पर्यटक स्थल जामघाट के पास एक स्कूल बस के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से एक दर्जन से अधिक विद्यार्थी घायल हो गये। मंडलेश्वर के एसडीओपी मनोहर गवली ने प्रारंभिक जानकारी के आधार पर बताया कि जाम घाट के उतार पर स्थित मोड़ पर ब्रेक नहीं लगने के चलते स्कूल बस पलट गई। घटना के चलते करीब एक दर्जन विद्यार्थी घायल हो गए ,जिसमें तीन को ज्यादा चोटें लगी है। उन्होंने बताया कि समस्त घायलों को इंदौर और महू स्थित अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
मंडलेश्वर के थाना प्रभारी इंद्रेश त्रिपाठी ने बताया कि इंदौर जिले के केलोद क्षेत्र के नव आदर्श विद्या निकेतन हायर सेकेंडरी स्कूल की चार बसें विद्यार्थियों को पिकनिक के लिए खरगोन जिले के महेश्वर ले जा रही थी। उन्होंने बताया कि स्कूल बस नीचे घाट में नहीं गिरी अन्यथा बड़ा हादसा हो जाता। उन्होंने बताया कि तीन विद्यार्थियों को सिर में ज्यादा चोट आने से तत्काल इंदौर रवाना किया गया।
स्कूल बस दुर्घटनाग्रस्त, 10 विद्यार्थी घायल
