गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

स्कूल बस पलटी, एक छात्र की मृत्यु, लगभग 40 घायल

भोपाल : मध्यप्रदेश के सागर जिले के राहतगढ़ थाना क्षेत्र में आज निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को ले जा रही स्कूल बस पलटने के कारण एक छात्र की मृत्यु हो गयी और लगभग 40 विद्यार्थी घायल हो गए। वहीं शिवपुरी जिला मुख्यालय पर एक स्कूल बस ने कलेक्टर के सरकारी वाहन को टक्कर मार दी, हालाकि कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह सुरक्षित हैं।
सागर से प्राप्त समाचार के अनुसार राज्य के परिवहन मंत्री गोविंद राजपूत के विधानसभा क्षेत्र सुरखी के अधीन आने वाले राहतगढ़ के पास एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर पलट गयी, जिससे एक छात्र शैलेंद्र प्रताप (14) की मृत्यु हो गयी। लगभग 40 छात्र छात्राओं को घायल अवस्था में तत्काल राहतगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति वाले विद्यार्थियों को सागर जिला अस्पताल भेजा गया। शेष विद्यार्थियों को प्राथमिक उपचार दिया गया।
यूनीवार्ता को प्राप्त जानकारी के अनुसार सागर जिला अस्पताल में आठ छात्र छात्राओं को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। इनमें से दो छात्राओं की स्थिति गंभीर बतायी गयी है। राहतगढ़ में उपचार हासिल करने वाले विद्यार्थियों की हालत बेहतर है। बताया गया है कि बस की क्षमता 32 सीटों की है और इसमें चालीस से अधिक विद्यार्थी सवार थे, जिनमें चालक परिचालक भी शामिल हैं। यह बस महाराष्ट्र राज्य के परिवहन विभाग में पंजीकृत बतायी गयी है और इसमें राहतगढ़ के पास स्थित दो तीन स्कूलों के विद्यार्थी सवार थे।

प्रारंभिक पूछताछ में विद्यार्थियों ने बताया कि चालक बस चलाते समय मोबाइल फोन भी पर बात कर रहा था। बच्चों से जुड़ा मामला होने के कारण प्रशासन भी तुरंत हरकत में आया और बस को जप्त कर लिया गया है। मंत्री ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया है।
वहीं राज्य के उत्तरी अंचल में स्थित शिवपुरी जिले से यूनीवार्ता से प्राप्त जानकारी के अनुसार एक निजी स्कूल की बस के चालक ने शिवपुरी जिला मुख्यालय पर कलेक्टर निवास के समीप कलेक्टर के वाहन को टक्कर मार दी, हालाकि कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह सकुशल हैं। कलेक्टर का वाहन अवश्य दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। कार सवार एक कर्मचारी को चोट पहुंची है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और बस को जप्त कर लिया गया। जांच के दौरान बस में अनेक कमियां मिली हैं और इसके आधार पर उसका चालान बनाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *