परिजनों, ग्रामीणों ने किया हंगामा
फतेहाबाद : हरियाणा में फतेहाबाद के निकट एक राजकीय विद्यालय में दसवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा के साथ लैब सहायक के छेड़छाड़ करने के मामले में छात्रा के परिजनों और ग्रामीणों ने सोमवार को स्कूल में हंगामा किया। परिजनों ने लैब सहायक के खिलाफ शहर पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस को दी शिकायत में परिजनों ने बताया कि 24 मार्च को उनकी पुत्री को फोन कर स्कूल बुलाया गया था।
स्कूल से लौटने के बाद से वह सहमी-सहमी थी और उसने तीन दिन तक खाना भी नहीं खाया। ज़ोर देकर पूछने पर उसने बताया कि जब वह स्कूल पहुंची तो उसके अलावा सिर्फ एक और छात्रा थी, जिसे लैब सहायक ने कोई काम बताकर बाहर भेज दिया और छेड़छाड़ की। पीड़िता के अनुसार लैब सहायक ने किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। हंगामे के बाद पुलिस वहां पहुंची और उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए प्रदर्शनकारियों को शांत किया। गुरुनानकपुरा चौकी के थाना प्रभारी और जांच अधिकारी जुगलाल सिंह ने बताया कि शिकायत मिल चुकी है और मामले की जांच की जा रही है।
