हरदा : मध्यप्रदेश के हरदा जिले में शीतलहर के चलते स्कूलों एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों के समय में परिवर्तन किये जाने के आदेश जारी किए गए हैं। अधिकारिक जानकारी के अनुसार हरदा कलेक्टर ॠषि गर्ग ने जिले में इन दिनों शीतलहर और लगातार गिरते तापमान को ध्यान में रखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि स्कूलों का समय प्रातः 9 बजे के बाद का निर्धारित किया जाए। जिला शिक्षा अधिकारी एल एन प्रजापति ने बताया कि इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने जिले के सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों के प्राचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने स्कूलों का समय प्रातः 9 बजे के बाद का ही निर्धारित करें, ताकि बच्चों को ठंड में परेशानी न हो।
उन्होने बताया कि यह आदेश केन्द्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय के साथ-साथ सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों पर भी लागू होगा। इसी तरह इन दिनों पड़ रही कड़ाके की ठण्ड और लगातार गिरते तापमान को ध्यान में रखते हुए हरदा जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय त्रिपाठी ने हरदा जिले में आंगनवाड़ी केंद्रों के खुलने का समय प्रातः 10 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक निर्धारित करने के आदेश जारी कर दिए हैं। उन्होने बताया कि आंगनवाड़ी केन्द्र में यह आदेश 31 जनवरी तक लागू रहेगा।
शीतलहर के चलते 9 बजे के पूर्व नहीं लगेंगी स्कूलें
