गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

बिच्छू गैंग का सरगना गिरफ्तार

खरगोन दंगे का प्रमुख आरोपी और बिच्छू गैंग का सरगना अफजल और उसके 6 अन्य साथी गिरफ्तार

खरगोन : मध्यप्रदेश के खरगोन के पुलिस अधीक्षक द्वारा गठित विशेष पुलिस दल ने जिला मुख्यालय पर रामनवमी के जुलूस पर पथराव के बाद भड़के दंगों के प्रमुख आरोपी तथा बिच्छू गैंग के सरगना अफजल और उसके सात साथियों को हथियारों समेत गिरफ्तार किया है।
अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) राकेश मोहन शुक्ला ने आज यहां पत्रकारों को बताया कि बिच्छू गैंग के सरगना अफजल उर्फ बिच्छू को 3 नवंबर को गिरफ्तार कर उसका लगातार पुलिस रिमांड लिया गया। इसमें उसने कुछ अन्य साथियों तथा उनकी अपराधों में संलिप्तता के बारे में बताया। उसके आधार पर इमरान, अली खान, यासीन, जुबेर मंसूरी, मुजाहिद तथा एक 17 वर्षीय नाबालिग को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चार देशी पिस्तौलें भी जब्त की गई है।
उन्होंने बताया कि अफजल के अलावा शेष सभी आरोपियों के भी आपराधिक रिकॉर्ड हैं। आरोपियों को आज पुनः न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जहां से उनकी 17 नवंबर तक की पुलिस रिमांड प्राप्त हुई है।
पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि अमन नगर निवासी दस हजार के इनामी अफजल के विरुद्ध 2017 से 5 वर्ष के दौरान 17 अपराध दर्ज किए गए, जिसमें से अधिकांश सांप्रदायिक दंगों से जुड़े हुए हैं। अफजल पूर्व में गुंडा सूची में भी शामिल था तथा इसके विरुद्ध 2021 में रासुका और 2022 में जिला बदर की कार्यवाही भी की गई थी।
एसपी श्री सिंह ने बताया कि इसमें एक बिच्छू नाम का व्हाट्सएप ग्रुप बनाया था जिसमें अपराधिक प्रवृत्ति के युवाओं को शामिल किया था। अफजल का सिकलीगरों से हथियार खरीद कर अन्य स्थानों पर बेचे जाने का बड़ा खतरनाक नेटवर्क पाया गया है। वह मूलतः खरगोन जिले के सिकलीगरों से हथियार खरीद कर अपने साथियों तथा अन्य लोगों को बेचता था। वह जुएं के अड्डे चलाने के अलावा व्हाट्सएप ग्रुप में धार्मिक उन्माद फैलाने वाली पोस्ट भी शेयर किया करता था।
उन्होंने बताया कि खरगोन के दंगों में शामिल मीम ग्रुप के साथ अनबन के चलते अफजल ने पृथक से बिच्छू गैंग बनाया था। उन्होंने बताया कि अफजल के कई साथी फिलहाल फरार हैं और विशेष रूप से गठित दल उनकी तलाश करने के अलावा इनके अन्य स्थानों पर लिंक का पता लगा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *