नई दिल्ली : नौसेना की कलावरी श्रेणी की प्रोजेक्ट-75 के तहत बनायी जा रही छठी स्कोर्पिन पनडुब्बी ‘वाघशीर’ के समुद्री परीक्षण शुरू हो गये हैं। पनडुब्बी के अब समुद्री परीक्षण किये जायेंगे। इसे 20 अप्रैल 2022 को मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड के कान्होजी आंग्रे वेट बेसिन से समुद्र में उतारा गया था। वाघशीर पनडुब्बी को परीक्षणों के पूरा होने के बाद अगले वर्ष की शुरुआत में भारतीय नौसेना को सौंपा जाएगा। एमडीएल ने दो वर्ष की अवधि में प्रोजेक्ट-75 की तीन पनडुब्बियों को नौसेना को सौंपा है और छठी पनडुब्बी का समुद्री परीक्षण शुरू होना एक महत्वपूर्ण कदम है। यह आत्मनिर्भर भारत को बढावा मिलने का संकेत भी है। यह पनडुब्बी अब समुद्र में सभी प्रणालियों के गहन परीक्षणों से गुजरेगी, इनमें प्रणोदन प्रणाली, हथियार और सेंसर प्रणाली आदि सम्मिलित हैं।
