आचार संहिता की सख्ती से होगी पालना
कोटा : राजस्थान के कोटा जिले में निषेधाज्ञा के तहत धारा 144 लगा दी गई है। साथ ही अधिकारियों को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता के सख्ती से पालना करने के आदेश दिए गए हैं। जिला मजिस्ट्रेट महावीर प्रसाद मीणा ने सोमवार रात एक आदेश जारी करके कोटा जिले में शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में निष्पक्ष चुनाव संपन्न करवाने के दृष्टिगत 9 अक्टूबर से संपूर्ण जिले में धारा 144 के अंतर्गत निषेधात्मक आदेश जारी किए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी महावीर प्रसाद मीणा ने सोमवार सायं निर्वाचन से जुड़े सभी प्रकोष्ठ प्रभारियों की बैठक लेकर निर्देश दिए कि विधानसभा आम चुनाव 2023 के लिए लागू की गई आचार संहिता की शत्-प्रतिशत पालना सुनिश्चत कराई जाए। निर्वाचन आयोग के नियमों की अक्षरशः पालना कराई जाए इसमें कौताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
