मुंबई : वैश्विक बाजार की गिरावट के बावजूद स्थानीय स्तर पर दूरसंचार, रियल्टी, ऑटो, आईटी और टेक समेत पंद्रह समूह में हुई लिवाली की बदौलत आज दोनों मानक सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में लगातार दूसरे दिन भी तेजी जारी रही।
बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 242.83 अंक की छलांग लगाकर 61,275.09 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 86 अंक की बढ़त लेकर 18 हजार अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर के पार 18,015.85 अंक पर पहुंच गया। इसी तरह बीएसई का मिडकैप 0.69 प्रतिशत उछलकर 24,641.70 अंक और स्मॉलकैप 0.36 प्रतिशत बढ़कर 27,861.86 अंक पर रहा।इस दौरान बीएसई में कुल 3600 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 1790 में लिवाली जबकि 1682 में बिकवाली हुई वहीं 128 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह एनएसई में 37 कंपनियां हरे जबकि शेष 13 लाल निशान पर रही।
बीएसई के पंद्रह समूहों में तेजी का रुख रहा। इस दौरान कमोडिटीज 0.72, सीडी 0.78, ऊर्जा 0.43, वित्तीय सेवाएं 0.21, हेल्थकेयर 0.30, इंडस्ट्रियल्स 0.01, आईटी 0.95, दूरसंचार 1.27, ऑटो 1.09, बैंकिंग 0.22, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 0.69, धातु 0.35, तेल एवं गैस 0.19, रियल्टी 1.30 और टेक समूह के शेयरों में 0.81 प्रतिशत की बढ़त रही।
अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर गिरावट दर्ज की गई। इस दौरान ब्रिटेन का एफटीएसई 0.05, जापान का निक्केई 0.37, हांगकांग का हैंगसेंग 1.43 और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.39 प्रतिशत गिर गया जबकि जर्मनी के डैक्स में 0.31 प्रतिशत की तेजी रही।
सेंसेक्स-निफ्टी में तेजी
