मुंबई : विश्व बाजार के मिलेजुले रुख के बीच स्थानीय स्तर पर रियल्टी, आईटी, टेक और हेल्थकेयर समेत सात समूहों में हुई लिवाली की बदौलत आज सेंसेक्स चढ़ गया जबकि निफ्टी में गिरावट का रुख रहा।
बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 17.39 अंक की मामूली बढ़त के साथ 73,895.54 अंक हो गया जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 33.15 अंक गिरकर 22,442.70 अंक रह गया। वहीं, बीएसई की दिग्गज कंपनियों के विपरीत मझौली और छोटी कंपनियों के शेयरों में भारी बिकवाली हुई, जिससे बाजार दबाव में रहा। मिडकैप 0.95 प्रतिशत लुढ़ककर 42,009.55 अंक और स्मॉलकैप 1.06 प्रतिशत का गोता लगाकर 46,692.72 अंक पर बंद हुआ।
इस दौरान बीएसई में कुल 4094 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 2628 में बिकवाली जबकि 1294 में लिवाली हुई वहीं 172 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह निफ्टी की 27 कंपनियां लाल जबकि 23 हरे निशान पर रही।
बीएसई के सात समूहों को लिवाली का समर्थन रहा। इससे रियल्टी 2.71, एफएमसीजी 0.50, हेल्थकेयर 0.51, आईटी 0.65, ऑटो 0.16, बैंकिंग 0.23 और टेक समूह के शेयर 0.77 प्रतिशत मजबूत रहे। वहीं, ऊर्जा 1.93, यूटिलिटीज 1.76, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 3.85, तेल एवं गैस 2.07, पॉवर 1.26 और सर्विसेज समूह 1.95 प्रतिशत लुढ़क गया।
अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ब्रिटेन का एफ़टीएसई 0.51, जर्मनी का डैक्स 0.90, हांगकांग का हैंगसेंग 0.55 और चीन का शंघाई कम्पोजिट 1.16 प्रतिशत उछल गया जबकि जापान का निक्केई 0.10 और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.26 प्रतिशत कमजोर रहा।
सेंसेक्स चढ़ा निफ्टी फिसला
