गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

हथियार तस्करी गिरोह के सात सदस्य गिरफ्तार

अमृतसर : पंजाब के अमृतसर में पुलिस ने ऑस्ट्रेलिया स्थित रितिक रैली और जेल कैदी कुणाल महाजन के निर्देशों पर संचालित एक अंतरराज्यीय हथियार तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ कर भारी मात्रा में हाथियार बरामद किए हैं। अमृतसर के पुलिस आयुक्त (सीपी) गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने शुक्रवार को यहां कहा कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान अमृतसर के गुरु की वडाली के रहने वाले जशनदीप सिंह उर्फ ​​छिल्लर (19) और करणदीप सिंह उर्फ ​​करणजीत उर्फ ​​धानी (21), तरनतारन के गांव बेहला के शरणजीत सिंह उर्फ ​​सनी (24), तरनतारन के चोहला साहिब का दीपक उर्फ दीपू (24), अमृतसर का संदीप सिंह उर्फ ​​काका (26) और तरनतारन के गांव होथियां का नरिंदर सिंह उर्फ ​​सोनू (30) के तौर पर हुई है।
श्री भुल्लर ने कहा कि पुलिस ने उनकी मारुति स्विफ्ट कार को जब्त करने के अलावा, 10 .32 बोर पिस्तौल, 10 मैगजीन और 15 जिंदा कारतूस और एक .12 बोर डीबीबीएल राइफल सहित 11 हथियार भी बरामद किए हैं। उन्होंने कहा कि अमृतसर और तरनतारन के क्षेत्र में आपराधिक तत्वों को आपूर्ति करने के लिए मध्य प्रदेश से अवैध हथियारों की तस्करी के बारे में गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए, अमृतसर कमिश्नरेट की पुलिस टीमों ने एक विशेष अभियान चलाया और विभिन्न स्थानों से सात आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान, गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया है कि वे ऑस्ट्रेलिया स्थित रितिक रैली और जेल के कैदी कुणाल महाजन के निर्देश पर मध्य प्रदेश से हथियारों की तस्करी कर रहे थे ताकि उन्हें आपराधिक गतिविधियों में आपूर्ति की जा सके। इस संबंध में दो मामले शस्त्र अधिनियम की धारा 25 और 29 के तहत थाना छेहरटा में और सुल्तानविंड थाना में शस्त्र अधिनियम की धारा 25 (7) और 29 के तहत दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *