धार और खंडवा में रहा तीव्र शीतल दिन
भोपाल : उत्तर से आ रहीं सर्द हवाओं से समूचा मध्यप्रदेश ठिठुर रहा है। आज जहां धार और खंडवा में तीव्र शीतल दिन रहा, तो वहीं लगभग आधा दर्जन स्थानों पर शीतल दिन रहने और शीतलहर के प्रभाव से कड़ाके की ठंड रही, जिससे आम जीवन प्रभावित हुआ।
मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल के वैज्ञानिक के अनुसार पिछले चौबीस घंटों के दौरान प्रदेश में कोई मौसम प्रणाली के सक्रिय नहीं होने के चलते मौसम आम तौर पर शुष्क रहा। इस बीच जहां एक ओर शीतलहर के प्रभाव से धार और खंडवा में तीव्र शीतल दिन रहा, वहीं खरगोन, बालाघाट के मलॉजखंड, सिवनी, दतिया और बैतूल में शीतल दिन दर्ज किया गया। इसके अलावा अन्य स्थानों पर शीतलहर का प्रभाव रहा।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि अभी दो से तीन दिनों तक प्रदेश में कड़ाके की ठंड का दौर जारी रह सकता है। दो दिन बाद 22 दिसंबर को एक पश्चिमी विक्षोभ के हिमालय के करीब पहुंचने की संभावना है। इसका असर मध्यप्रदेश में भी देखने काे मिल सकता है, जिससे तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने से ठंड से राहत की उम्मीद है।
राजधानी भोपाल तथा उसके आसपास के क्षेत्रों में सर्द हवाओं के प्रभाव से ठिठुरन बनी हुयी है। हालांकि दिन में धूप खिलने से हल्की राहत मिली है। अगले चौबीस घंटों के दौरान भी इसी तरह का मौसम बना रहने का अनुमान है। यहां रात्रि का तापमान 8़ 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
