गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

शाह ने फिट इंडिया मोटरसाइकिल रैली को हरी झंडी दिखायी

नयी दिल्ली : केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को यहां ‘फ़िट इंडिया फ्रीडम राइडर मोटरसाइकिल ’ रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत आयोजित इस रैली में 75 मोटरसाइकिलों पर कुल 120 लोग, जिनमें 10 महिलाएं भी शामिल हैं, देश के 75 दिन के भ्रमण पर निकले हैं। ये मोटरसाइकिल सवार छह अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं सहित 34 राज्यों और संघशासित प्रदेशों में 250 से ज्यादा जिलों में जाएंगे और 75 दिनों में 18000 किलोमीटर का लंबा सफ़र तय कर देश के 75 महत्वपूर्ण स्थानों पर आजादी के अमृत महोत्सव का प्रचार करके वापस 24 नवम्बर को राजधानी पहुंचेंगे।
श्री शाह ने कहा कि इस रैली में भाग लेने वालों का प्रयास निश्चित रूप से राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने वाला और आजादी के अमृत महोत्सव के उद्देश्यों को लोगों तक पहुंचाने में सफल सिद्ध होगा। यह यात्रा फिट इंडिया का संदेश भी देश के युवाओं तक पहुंचाने में सफल होगी। फ्रीडम मोटर राइडर्स विविधता में एकता का संदेश लेकर जाएंगे और जिस राज्य या शहर में जाएंगे, वहां छोटी-छोटी बाइक रैली निकालकर युवाओं के साथ जुड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा गुमनाम शहीदों की अमर गाथा को पुनर्जीवित करने के साथ-साथ नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना जगाने का काम भी करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने गुरूवार को ही गुलामी के प्रतीक एक नाम को बदलकर नए कर्तव्य पथ का लोकार्पण किया। यह यात्रा हर नागरिक के मन में कर्तव्य के प्रति जागरूकता भी पैदा करेगी।
इस अवसर पर गृह और खेल एवं युवा मामलों के राज्यमंत्री निशिथ प्रामाणिक , संस्कृति और विदेश राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *