हैदराबाद : राज्यव्यापी ‘प्रजा प्रस्थानम पदयात्रा’ को शुरू करने की मांग को लेकर धरने पर बैठीं वाईएसआर तेलंगाना पार्टी (वाईएसआरटीपी) की प्रमुख वाई एस शर्मिला की तबीयत खराब होने पर पुलिस ने आधी रात को घटित हुए नाटकीय घटनाक्रम में उनके अनिश्चितकालीन उपवास को समाप्त करवा दिया और जबरन उन्हें जुबली हिल्स के अपोलो अस्पताल में भर्ती करा दिया।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी की बहन शर्मिला लोटस पॉन्ड स्थित पार्टी कार्यालय में शुक्रवार से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर थीं और राज्य सरकार से उनकी राज्यव्यापी ‘प्रजा प्रस्थानम पदयात्रा’ फिर से शुरू करने की अनुमति देने की मांग कर रही थीं। वाईएसआरटीपी अध्यक्ष की तबीयत बिगड़ने के बाद भी उन्होंने पानी भी नहीं पिया था। वहीं उनकी तबीयत की जांच करने वाले डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती करने का सुझाव दिया।
पुलिस ने मीडिया कर्मियों, पार्टी नेताओं और कैडरों को हटने के लिए मजबूर किया। इससे बाद उन्हें रात एक बजे बलपूर्वक उठाकर अस्पताल में भर्ती कराया। इस बीच, अपोलो अस्पताल के एक मेडिकल बुलेटिन में कहा गया,“श्रीमती. वाई.एस. शर्मिला रेड्डी को 11 दिसंबर, 2022 को लगभग 1 बजे रक्तचाप में गिरावट, कमजोरी और चक्कर आने के कारण भर्ती कराया गया।”
श्रीमती शर्मिला निर्जलीकरण और ऑर्थोस्टेटिक हाइपोटेंशन की शिकायत थी। इसके साथ ही उनमें गंभीर ओलिगुरिया, हाई एनियन गैप मेटाबॉलिक एसिडोसिस और प्री-रीनल एज़ोटेमिया भी पाया गया। मौजूदा समय में उनका इलाज चल रहा है और वह ठीक हो रही है। आज या कल सुबह उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिलने की उम्मीद है। बुलेटिन में कहा गया है कि उन्हें पूरी तरह से ठीक होने के लिए 2-3 सप्ताह के पूर्ण आराम की सलाह दी जाती है।
पुलिस ने तुड़वायी शर्मिला की भूख हड़ताल
