गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

शेखावाटी किंग्स ने केईआई रियल कबड्डी लीग सीजन2 का जीता खिताब

जयपुर : केईआई रियल कबड्डी लीग सीजन2 में शेखावाटी किंग्स टीम ने फाइनल मुकाबला जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया हैं। शेखावाटी किंग्स ने शुक्रवार को हुए फाइनल मुकाबले में चंबल पाइरेट्स को 11 अंकों के अंतर से मात देकर खिताब पर कब्जा जमा लिया। इस मुकाबले में मैच के शुरूआत से ही शेखावटी ने चंबल पर बढत बना ली और उसे बनाये रखते हुए मैच सैकंड हाफ के बाद अंतिम क्षणों में चंबल को 11 अंक पीछे छोड़ दिया और शेखावाटी किंग्स ने फाइनल मुकाबला 32 के मुकाबले 43 अंकों के साथ जीत लिया।
लीग में 159 प्वाइंट के साथ मेवाड़ मॉन्क्स टीम के जतिन शर्मा बेस्ट रेडर बने तथा 46 टैकल प्वाइंट्स हासिल कर जयपुर जगुआर के दीपांशु खतरी लीग के बेस्ट डिफेंडर रहे जबकि शेखावटी किंग्स के लक्ष्य मलिक मैन ऑफ द सीरीज एवं शेखावटी किंग्स के रितिक नेहरा मैन ऑफ द मैच रहे।
लीग में तीसरे और चौथे स्थान के जयपुर जगुआर और सिंह सूरमा के बीच जबरदस्त टक्कर हुई। जयपुर ने सूरमा को चार अंकों से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया जबकि सूरमा चौथे स्थान पर रही। फाइनल मैच देखने भारी संख्या में पहुंचे दर्शकों ने भी जबरदस्त उत्साह दिखाया वहीं संगीत और बॉलीवुड सितारों से सजा रंगारंग समारोह आयोजित हुआ। कबड्डी प्रेमियों के जोशीले अंदाज और संगीत से सजी शाम यादगार बन गयी।
सभी विजेताओं को मुख्य अतिथि एंका वर्मा और एक्टर रणविजय सिंह ने ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। समारोह में पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा ने संगीत की शानदार प्रस्तुति देकर स्टूडियो में मौजूद दर्शकों को थिरकने को मजबूर कर दिया। इससे पहले हुए मुकाबलों के दौरान दर्शकों ने कबड्डी के साथ इंडियन आइडियल फेम और बॉलीवुड सिंगर स्वरूप खान के लाइव कंसर्ट का भी जमकर आनंद लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *