गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

शिमला पुलिस की निजी होटल में दबिश

मुख्य सरगना व छह युवक गिरफ्तार

शिमला : हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला जिले में नशे का कारोबार थम नहीं रहा है। पुलिस लगातार तस्करों को नशीले पदार्थों के साथ पकड़ रही है। पुलिस ने फिर एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने शहर के एक निजी होटल से चिट्टे के मुख्य सरगना को दबोचा है, साथ ही मौके पर पुलिस ने सरगना सहित छह अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईयू) जब रूटीन गश्त पर थी तो टीम ने पुराना बस स्टैंड, टूटीकंडी, तारादेवी, शोघी में चेकिंग की। पुलिस को सूचना मिली कि गौरव सिंह नाम का व्यक्ति, जो एक निजी होटल में ठहरा है, चिट्टा बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने होटल के एक कमरे में दबिश दी। चेकिंग के दौरान पुलिस ने गौरव सिंह को पकड़ लिया। कमरे में गौरव सिंह के अलावा अभिषेक, दीपक ठाकुर, अश्वनी कुमार, निखिल मेहता व सौरव राणा भी मौजूद थे।
पुलिस ने उनके पास से 20.18 ग्राम चरस और 11.97 ग्राम चिट्टा, तोलने की मशीन, 10 रुपए के नोट के दो टुकड़े, जो आधे जले हुए थे, के अलावा एक सिरिंज (1 एमएल), नकदी 3070 रुपए और तीन एटीएम कार्ड भी बरामद किए। पुलिस ने मौके पर पकड़े गए सारे सामान को कब्जे में लेकर आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस इसकी जांच में जुटी है कि आरोपित किस-किस को इसकी सप्लाई करता था। जो लोग उसके पास चिट्टा खरीदने आए थे, वे आगे किसके संपर्क में थे। पुलिस पूछताछ में यह आरोपी तस्करी के कई राज खोल सकता है। इस मामले को लेकर पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *