गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

शिवराज के प्रतिदिन पौधरोपण के तीन साल पूरे

आज होगा पर्यावरण सम्मेलन

भोपाल : शिवराज सिंह चौहान के प्रतिदिन पौधरोपण के संकल्प के तीन साल पूरे होने पर आज राजधानी भोपाल में पर्यावरण सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। पर्यावरण सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, मंत्री प्रहलाद पटेल समेत कई नेता शामिल होंगे। इस सम्मेलन में हार्टफुलनेस प्रमुख दाजजी, पर्यावरणविद अनिल प्रकाश जोशी समेत कई गणमान्य जन भी उपस्थित रहेंगे। पर्यावरण सम्मेलन में पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेषज्ञों द्वारा चर्चा की जाएगी।
आज ही पर्यावरण सम्मेलन में विभिन्न अतिथि स्मार्ट सिटी पार्क में 108 पौधे लगाएंगे। चौहान ने तीन साल पूर्व 19 फरवरी 2021 को नर्मदा जयंती के दिन पौधारोपण का संकल्प लिया था। उन्होंने एक हजार 195 दिन में तीन हजार 238 पौधे लगाए हैं। उन्होंने पहला पौधा अमरकंटक के शंभू धारा में रोंपा था। उनके साथ अब तक 2000 से अधिक लोग पौधरोपण कर चुके है। हैं। उन्होंने 5 जून, 2023 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राजाभोज एयरपोर्ट स्थित रामवन में मंत्रीमंडल के सदस्यों के साथ 311 पौधे लगाए। 10 अगस्त, 2023 को मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम के अंतर्गत 75 पौधे लगाए। 14 अगस्त 2023 को लाड़ली बहनों के साथ 100 पौधे रौपे। इसके साथ ही अंकुऱ अभियान जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से लाखों की संख्या में पूरे प्रदेश में पौधरोपण किया गया।
पूर्व मुख्यमंत्री श्री चौहान के पौधरोपण के आह्वान के बाद, जनवरी 2022 से श्यामला हिल्स स्थित स्मार्ट सिटी उद्यान में अपने जन्मदिवस, विवाह वर्षगांठ या परिजनों की स्मृति में पौधे लगाने के लिए आने वाले लोगों की संख्या बढ़ती चली गई। श्री चौहान ने अधिकतर पौधे स्मार्ट सिटी उद्यान में ही लगाए हैं, निरंतर पौधरोपण होने से आज स्मार्ट सिटी पार्क हराभरा दिखाई देता है। स्मार्ट सिटी पार्क में श्री चौहान ने पारिजात, सप्तपर्णी, अशोक, कदम्ब, हरसिंगार, बेल पत्र, मौलश्री, शीशम, मुनगा, करंज, गुलमोहर, कचनार, हर्र, मधुकामिनी, अर्जुन, नीम, आंवला, विलायती इमली, हल्दू, नीला गुलमोहर, बॉटल ब्रश, कपूर आदि के पौधे लगाए हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू, गुयाना गणराज्य के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद इरफ़ान अली, सूरीनाम गणराज्य के राष्ट्रपति श्री चंद्रिकाप्रसाद संतोखी के साथ भी पौधरोपण किया। उन्होंने अन्य राज्यों के प्रवास के दौरान लगभर 16 अलग अलग राज्यों में भी पौधरोपण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *