भोपाल : शिवराज सिंह चौहान ने आज राजधानी भोपाल में ‘स्टेट मीडिया सेंटर’ का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर जनसंपर्क मंत्री राजेंद्र शुक्ल और जनसंपर्क आयुक्त मनीष सिंह भी उपस्थित रहे। समारोह के लिए प्रदेश भर से पत्रकारों को आमंत्रित किया गया था। भूमिपूजन समारोह में चौहान ने कहा कि स्टेट मीडिया सेंटर के रूप में भविष्य का ऐसा वटवृक्ष का बीज रोंपा जा रहा है, जिसमें अनुभव की शाखाओं पर अनंत आशाएं साकार होंगी।
इस अवसर पर चौहान ने पत्रकारों के हित में कई घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिला विकास एवं कल्याण के कार्यों पर अध्ययन करने माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय एवं जनसम्पर्क विभाग के सहयोग से प्रतिवर्ष पांच महिला पत्रकारों को फैलोशिप दी जाएगी। एक महीने के अंतराल से हर छोटे समाचार-पत्र को विज्ञापन देने की व्यवस्था की जाएगी। 70 साल से अधिक के वरिष्ठ पत्रकारों को स्थायी अधिमान्यता कार्ड दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि पत्रकार स्वत: समाजसेवी होता है। पत्रकार समाज की अंतिम पंक्ति की वो आवाज है, जो खबरें बनकर जिम्मेदारों तक पहुंचती है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों को विश्वसनीयता के संकट जैसे मामलों पर भी विचार करना होगा। जनसंपर्क मंत्री शुक्ल ने कहा कि लोकतंत्र को वरदान बनाने के लिए पत्रकारिता को मूलभूत सुविधाएं देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पत्रकारों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना की लंबे समय से उठ रही मांग को पूरा किया।
समारोह के दौरान चौहान ने कुछ पत्रकारों को वरिष्ठ पत्रकारों की सम्मान निधि में इजाफे का प्रमाणपत्र भी सौंपा। इस चार मंजिला स्टेट मीडिया सेंटर में ऑडिटोरियम, पुस्तकालय, आर्ट गैलरी, पत्रकार वार्ता कक्ष समेत अन्य अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी। समारोह में सेंटर से जुड़ी एक फिल्म भी दिखाई गई। राजधानी में सितंबर के प्रथम सप्ताह में आयोजित पत्रकार समागम में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस स्टेट मीडिया सेंटर के निर्माण की घोषणा की थी।
शिवराज ने किया स्टेट मीडिया सेंटर का भूमिपूजन
