चंडीगढ़ : पंजाब के साथ चंडीगढ़ में भी आम आदमी पार्टी (आप) को बड़ी मजबूती मिली है। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के 2024 लोकसभा चुनाव के लिये घोषित उम्मीदवार हरदीप सिंह बुटरेला अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ वीरवार को आप में शामिल हो गये।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने श्री बुटेरला और उनके सभी साथियों को पार्टी में औपचारिक तौर पर शामिल कराया और उनका आप परिवार में स्वागत किया। श्री बुटेरला चंडीगढ़ से तीन बार पार्षद रहे हैं। वह नगर निगम चंडीगढ़ के सीनियर उप महापौर भी रह चुके हैं। चंडीगढ़ में लोगों के बीच मजबूत पकड़ के कारण ही अकाली दल ने उन्हें इस बार लोकसभा चुनाव के लिये अपना उम्मीदवार घोषित किया था। उनके पार्टी छोड़ने से अकाली को बड़ा नुकसान होना तय है।
श्री बुटरेला ने आप में शामिल होने के बाद श्री मान को धन्यवाद दिया और कहा कि मान सरकार के पिछले दो सालों के कार्यों और लोक कल्याणकारी नीतियों से प्रभावित होकर वह आप में शामिल हुये हैं।
उन्होंने कहा कि आज काफी देर तक श्री मान के साथ बैठकर विकास कार्यों पर चर्चा की। उनके पास पंजाब के विकास के लिये बड़ा विज़न है। उन्होंने कहा कि उन्हें लगा कि उन्हें और उनके साथियों को चंडीगढ़ के लोगों के काम करवाने के लिये किसी पार्टी का हाथ पकड़ना पड़ेगा, इसलिये आप को चुना, जिसके दृष्टिकोण के साथ पंजाब आगे बढ़ रहा है। वह चंडीगढ़ को भी आप के दृष्टिकोण के तहत आगे बढ़ायेंगे।
शिअद को झटका, बुटेरला आप में शामिल
