गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

सिन्हा ने जीरो ब्रिज का दौरा किया

बाढ़ प्रबंधन की समग्र तैयारियों की समीक्षा की

श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को जीरो ब्रिज का दौरा किया और बाढ़ प्रबंधन की समग्र तैयारियों की समीक्षा की। सिन्हा ने सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों के साथ बातचीत करते हुए जल स्तर की निरंतर निगरानी करने और समय रहते सभी एजेंसियों को प्रारंभिक चेतावनी प्रसारित करने का भी निर्देश दिया। मुख्य अभियंता, सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण ने उपराज्यपाल को बताया कि आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित हितधारकों द्वारा उचित उपाय किए गए हैं।
सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग ने वास्तविक समय के आधार पर जल स्तर की निगरानी के लिए झेलम नदी पर पांच और उसकी सहायक नदियों पर नौ स्वचालित जल स्तर रिकॉर्डर स्थापित किए हैं। जल स्तर का विश्लेषण किया जाता है और सभी हितधारकों तक इसका प्रसार किया जाता है। उपराज्यपाल को अवगत कराया गया कि अब तक बाढ़ की स्थिति टल गई है, संगम में जल स्तर कम हो गया है और स्थिति नियंत्रण में है।
सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग, कश्मीर ने शाम पांच बजे जल स्तर पर बुलेटिन जारी करते हुए कहा कि संगम पर सुबह झेलम खतरे के निशान को पार कर चुकी थी लेकिन अब जलस्तर घटकर 20.1 फुट है। विभाग ने बताया कि बारिश रुकने के बाद दक्षिण कश्मीर के संगम में जल स्तर में गिरावट जारी है और मौसम की स्थिति में भी काफी सुधार हुआ है। पंपोर में हालांकि यह अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। इससे पहले दिन में जलस्तर 5.51 मीटर दर्ज किया गया था, जबकि सामान्य स्तर 4.5 मीटर और बाढ़ की घोषणा का स्तर 5.0 मीटर है।
उन्होंने कहा कि श्रीनगर के राम मुंशीबाग में शाम पांच बजे जल स्तर 19.61 फुट से घटकर 19.45 फुट हो गया, जबकि आधिकारिक बाढ़ घोषणा का स्तर 21 फुट है। उन्होंने कहा हालांकि रात तक जलस्तर के और नीचे गिरने की संभावना है।
श्री सिन्हा ने पीएमडीपी-चरण (द्वितीय) कार्यों की प्रगति के बारे में भी पूछताछ की और विभाग को विशेष रूप से बाढ़ स्पिल चैनल पर बाढ़ प्रबंधन कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया ताकि जनता के जीवन और संपत्ति की रक्षा की जा सके।
उपराज्यपाल के साथ उनके प्रधान सचिव डॉ मंदीप कुमार भंडारी भी थे। इसके अलावा एडीजीपी कश्मीर विजय कुमार, संभागीय आयुक्त कश्मीर विजय कुमार बिधूड़ी, उपायुक्त श्रीनगर मोहम्मद ऐजाज़ और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *