गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

सिसोदिया की गिरफ्तारी गंदी राजनीति का परिणाम

नई दिल्ली : अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कहा कि उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी गन्दी राजनीति का परिणाम है। केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा “ मनीष बेक़सूर हैं। उनकी गिरफ्तारी गंदी राजनीति का परिणाम है। मनीष की गिरफ़्तारी से लोगों में बहुत रोष है। लोग सब देख रहे हैं। लोगों को सब समझ आ रहा है। लोग इसका जवाब देंगे। इस से हमारे हौसले और बढ़ेंगे। हमारा संघर्ष और मज़बूत होगा।”
आप नेता संजय सिंह ने कहा , “सिसोदिया की गिरफ़्तारी तानाशाही की इंतेहा है। आपने एक नेक इंसान और सर्वश्रेष्ठ शिक्षा मंत्री को गिरफ़्तार करके अच्छा नही किया मोदी जी। भगवान भी आपको माफ़ नही करेगा। एक दिन आपकी तानाशाही का अंत ज़रुर होगा।”
उन्होंने कहा “ यह एक ऐसे शिक्षा मंत्री पर कार्रवाई है जो दिन रात मेहनत करके लाखों बच्चों का भविष्य संवार रहे हैं। प्रधानमंत्री आपने अच्छा नहीं किया है, आपने गुनाह किया है, यह पाप है। दिल्ली के लाखों बच्चों के साथ आपने पाप किया है। ईश्वर भी आपको माफ नहीं करेगा। एक बेबुनियाद झूठे और फर्जी मामले में आपने मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया है। आपकी हिम्मत है जिस गौतम अडानी ने लाखों करोड़ का घोटाला किया, उसको गिरफ्तार करने की।”
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्वीट कर कहा ‘’मनीष सिसोदिया जी की गिरफ़्तारी असल में दिल्ली के लाखों बच्चों की शिक्षा की अवमानना हैं। स्कूल बनाने वाले को जेल भेजना भाजपा के “एजेंडे” का हिस्सा है।’’ ग़ौरतलब है कि सिसोदिया को दिल्ली आबकारी नीति घोटाला मामले में सीबीआई ने आठ घंटे की लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया है। उन्हें सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *