गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

सीतारमण ने किया सात बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का शुभारंभ

नई दिल्ली : निर्मला सीतारमण ने आज 1,000 करोड़ रुपये से अधिक की सात बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का वर्चुअल शुभारंभ किया। इस अवसर पर श्रीमती सीतारमण ने कहा कि यह सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है कि परियोजनाओं की योजना बनाई जाए और उन्हें बिना किसी देरी के पूरा किया जाए और संबंधित विभाग को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि निर्माण समय पर शुरू हो और परियोजनाएं तय समय सीमा के भीतर पूरी हों।
उन्होंने कहा कि इस तरह की परियोजनाएं अधिकारियों के आत्मविश्वास को नवीनीकृत करती हैं और उनका मनोबल बढ़ाती हैं, सरकार उनके कल्याण और खुशहाली के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने अधिकारियों से अमृत काल में राष्ट्र निर्माण के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का आह्वान किया।
इस मौके पर केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के लिए वित्त मंत्री ने आयकर अधिकारियों के लिए टाइप- दो और तीन के 198 क्वार्टर वाले विभागीय आवासीय परिसर के निर्माण की आधारशिला रखी जो फरीदाबाद के सेक्टर-28 में स्थित है। इसके साथ ही उन्होंने आयकर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए पर्याप्त आवासीय घर उपलब्ध कराने के वास्ते गुरूग्राम के सेक्टर-53 में आवासीय परिसर की आधारशिला भी रखी, जिसमें टाइप- दो से चार के 214 क्वार्टर शामिल हैं।
केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) के लिए श्रीमती सीतारमण ने सेक्टर-सीबीआईसी के अधिकारियों के लिए टाइप-चार, पांच और छह के 256 क्वार्टर वाले विभागीय आवासीय परिसर का उद्घाटन किया जो राजधानी के द्वारका में स्थित है।
वित्त मंत्री ने गिफ्टी सिटी में भारतीय स्टेट बैंक के नए स्थानीय प्रधान कार्यालय भवन का उद्घाटन किया। भारतीय जीवन बीमा निगम का अंतर्राष्ट्रीय व्यापार केंद्र भवन और केनरा बैंक की आईएफएससी बैंकिंग इकाई के साथ ही चेन्नई में यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के नए प्रधान कार्यालय भवन का उद्घाटन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *