संबलपुर : ओड़िशा के संबलपुर में आंदोलनकारी वकीलों द्वारा जिला जज के कक्ष में तोड़फोड़ की घटना के बाद गत 12 दिसंबर से ठप पड़ी संबलपुर अदालत में लगभग 21 दिनों के बाद सामान्य स्थिति बहाल हो गयी है। पुलिस ने उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर इस घटना में शामिल अधिवक्ताओं की बड़े पैमाने पर गिरफ्तारी की थी। बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने अधिवक्ताओं के लाइसेंस निलंबित कर दिए, लेकिन बाद में उन्हें वापस ले लिया। अधिवक्ता उनके सहयोगियों को सलाखों के पीछे डाल दिये जाने के विरोध स्वरुप अदालतों में उपस्थित नहीं हुए।
हालाँकि, संबलपुर जिला बार एसोसिएशन के निर्णय के अनुसार वे अदालत में शामिल हुए। उच्च न्यायालय बेंच की स्थापना के लिए गठित सेंट्रल एक्शन कमेटी (सीएसी) ने अधिवक्ताओं की जमानत की सुविधा के लिए नरमी बरती और उच्च न्यायालय बेंच के लिए आंदोलन को हमेशा के लिए वापस लेने का फैसला किया। न्यायिक हिरासत में चल रहे अधिवक्ताओं की जमानत याचिका बुधवार को जिला जज की अदालत में पेश की जाएगी।
