गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

एसआईयू ने कुपवाड़ा में कई जगहों पर छापेमारी की

श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर पुलिस की विशेष जांच इकाई (एसआईयू) ने गुरुवार को प्रदेश के कुपवाड़ा जिले में आतंकवादी गतिविधियों से जुड़े एक मामले में कई स्थानों पर छापेमारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी है। यह छापेमारी कुपवाड़ा थाना पुलिस के एक विचाराधीन मामले में की गई है। पुलिस ने कहा कि आठ आतंकवादियों के संदिग्ध रिश्तेदारों के आवासीय घरों में तलाशी ली गई, जो अवैध रूप से नियंत्रण रेखा पार कर आतंकवादी गुटों में शामिल हो गए और हिजबुल मुजाहिदीन, लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों से जुड़े हुए हैं।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि “शुरुआती जांच के अनुसार, ये आतंकवादी सक्रिय रूप से साजिश रचने और आतंकवादियों की घुसपैठ को आसान बनाने , हथियाओं और गोला बारुद की आपूर्ति करने में शामिल पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि आतंकवादी गतिविधियों के लिए धन जुटाने के अलावा आतंकवादी रैंकों में शामिल होने के लिए कश्मीरी युवाओं को कट्टरपंथी बनाने के लिए साइबर स्पेस का उपयोग कर रहे है। न्यायालय से तलाशी वारंट प्राप्त करने के बाद जिले के हहामा, क्रालपोरा, मिरनाग, लोलाब और सुलकूट इलाकों में तलाशी ली गई।
उन्होंने कहा कि तलाशी के दौरान, मोबाइल फोन और अन्य सामग्रियों सहित महत्वपूर्ण सबूत जब्त किए गए हैं। जांच के प्रारंभिक चरण में होने के कारण, समय के साथ और अधिक तलाशी ली जाएंगी। कुपवाड़ा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक युगल मन्हास ने कहा कि जिले के भीतर सक्रिय आतंकवादी तत्वों और पाकिस्तान से आने वालों पर कार्रवाई घाटी में सक्रिय आतंकी पारिस्थितिकी तंत्र को खत्म करने की दिशा में एक कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *