भुवनेश्वर : ओडिशा में जाजपुर-क्योंझर रोड के पास बुधवार को बिना इंजन की रिजर्व मालगाड़ी से कुचलकर छह ठेका मजदूरों की मौत हो गयी। पूर्व तटीय रेलवे के सूत्रों ने बताया कि रेलवे के काम के लिए एक ठेकेदार द्वारा काम पर रखे गये कुछ ठेका मजदूरों ने जाजपुर-क्योंझर रोड के पास हवा और बारिश से सुरक्षा पाने के लिए स्थिर मालगाड़ी के नीचे शरण ली थी। इसी दौरान बिना इंजन वाली एक मानसून रिजर्व रेक तेज आंधी के कारण लुढ़क गयी, जिससे छह श्रमिकों की मौत हो गयी तथा दो अन्य घायल हो गये। खुर्दा रोड के डीआरएम के नेतृत्व में मंडल रेल अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटना के विस्तृत विवरण की प्रतीक्षा है।
