गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

मिट्टी में दबने से तीन बहनों एवं मां सहित छह महिलाओं की मौत, चार घायल

भरतपुर : राजस्थान में करौली जिले के सपोटरा उपखंड की सिमिर ग्राम पंचायत के मेदपुरा गांव में सोमवार को मिट्टी में दबने से दो बच्चियों सहित छह महिलाओं की मौत हो गई जबकि चार महिलाएं और लड़कियां घायल हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने मिट्टी को हटाकर नौ महिलाओं और लड़कियों को मिट्टी के मलबे से बाहर निकाला और सपोटरा अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरो ने पांच को मृत घोषित कर दिया जबकि चार घायलों में से 2 घायलों को करौली रेफर किया गया।

इनमें से एक घायल ने रास्ते में दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतकों में गोपाल माली की पत्नी एवं तीन पुत्रियां शामिल है। उधर, मिट्टी में और भी लोगों के दबे होने की आशंका के चलते ग्रामीण मिट्टी को हटाने में जुटे हैं। जानकारी के अनुसार सपोटरा उपखंड की सिमिर ग्राम पंचायत के मेदपुरा गांव निवासी 10 से ज्यादा महिलाएं और लड़कियां दीपावली पर घर की लिपाई पुताई के लिए मिट्टी लेने गई थी।

इस दौरान मिट्टी खोदते समय मिट्टी का बड़ा टीला उन पर आ गिरा और वह दब गई। महिलाओं और लड़कियों के मिट्टी में दबते ही मौके पर चीख पुकार मच गई और बड़ी संख्या में आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे को हटाकर नौ महिलाओं और लड़कियों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
हादसे की सूचना मिलते ही करौली कलेक्टर अंकित कुमार सिंह, एसपी नारायण टोगस सहित पुलिस प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। साथ ही परिजनों को सांत्वना दी है। मिट्टी में दबने से अनीता (22) पत्नी राजेश माली, रामनरी (28) पत्नी गोपाल माली, केशनती पत्नी चिरंजी माली, खुशबू, कोमल और अंजू पुत्री गोपाल माली की मौत हो गई है। हादसे में रामगल्ला (25), सपना (10) पुत्री परसराम और मोनिका (4) पुत्री राजेश घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *