गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

एसएमओ, बीएएमएस डाक्टर रिश्वत लेते गिरफ्तार

चंडीगढ़ : पंजाब सतर्कता विभाग ने शुक्रवार को ज़िला लुधियाना के कस्बा साहनेवाल के कम्युनिटी हैल्थ सैंटर ( सी. एच. सी.) में तैनात डाॅ पूनम गोयल, एस. एम. ओ. और डाॅ गौरव जैन, बी. ए. एम. एस. को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए काबू किया है।
राज्य विजीलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उपरोक्त दोनों डाक्टरों को कुलविन्दर सिंह निवासी गुुरु अर्जुन देव नगर, साहनेवाल की तरफ से दर्ज करवाई गई शिकायत के आधार पर गिरफ़्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने विजीलैंस ब्यूरो रेंज दफ़्तर लुधियाना में पहुँच कर अपने बयान दर्ज करवाये और दोष लगाया कि उक्त दोनों डाक्टर उससे रिश्वत की माँग कर रहे हैं क्योंकि वह साहनेवाल में डब्ब मेडिकल स्टोर नामक केमिस्ट की दुकान चला रहा है।

उसने बताया कि डा गौरव जैन दो अन्यों के साथ 26 अक्टूबर 2023 को उसकी कैमिस्ट की दुकान पर चैकिंग के लिए आया और वहां मौजूद उसके भाई को कहा कि कुलविन्दर सिंह (शिकायतकर्ता) के विरुद्ध बिना लायसेंस से दवाएँ बेचने और ग़ैर-कानूनी पैथोलोजीकल लैबारटरी चलाने की शिकायत है। उसकी दुकान से जाने से पहले डाक्टर गौरव जैन ने उसके भाई को एस. एम. ओ. डाः पूनम गोयल को मिलने के लिये कहा।
शिकायतकर्ता ने बताया कि जब वह एस. एम. ओ. पूनम गोयल को मिला तो उसने उसकी मैडीकल दुकान को सील करने और उसके खि़लाफ़ मामला दर्ज करने की धमकी दी। उसकी विनती पर उसने उसको मामला सुलझाने के लिए डाक्टर गौरव जैन को मिलने के लिए कहा। इसके बाद डाक्टर गौरव जैन ने शिकायतकर्ता को बताया कि एस. एम. ओ. मैडम एक लाख रुपए रिश्वत की माँग रही है परन्तु विनती करने पर सौदा 20 हज़ार रुपये में हो गया।

शिकायतकर्ता ने बताया कि डाक्टर गौरव जैन ने उसी दिन ही उससे पांच हज़ार रुपये ले लिए थे और अब बाकी रकम देने की माँग कर रहा है। डाॅ गौरव जैन के साथ फ़ोन काल के दौरान शिकायतकर्ता ने बातचीत की रिकार्डिंग कर ली जो उसने सबूत के तौर पर विजीलेंस को सौंपी है। प्रवक्ता ने आगे बताया कि इस शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद विजीलेंस ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाया, जिसमें दोषी डाक्टर गौरव जैन को दो सरकारी गवाहों की हाज़िरी में 15000 रुपए की रिश्वत लेते हुये रंगे हाथों काबू किया गया। इसके बाद डाक्टर पूनम गोयल को भी गिरफ़्तार कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *